चितरा : लछुआहीर गांव में एक नव विवाहिता मीरू देवी (20) की हत्या उसके पति ने मायके में कर शव कुएं में फेंक दिया. यह आरोप परिजनों ने लगाया है. इस संबंध में परिजन कदमी देवी, नानी सुशीला देेवी, बहन संजू देवी ने बताया कि पिछले 20 जून को सारठ के बड़ा बाजार निवासी सुनील वर्मा, पिता झबन वर्मा के साथ धूमधाम से शादी हुई थी. शादी का एक महीना भी पूरा नहीं हुआ. उसके पूर्व ही पति ने हत्या कर दी. पूछने पर पति ने कहा कि लड़की पसंद नहीं थी.
मृतका के परिजनों ने बताया कि लड़की अपने पति के साथ अपने मायके लछुवाहीर आयी थी. खाना खाने के बाद दोनों घर के पीछे बगीचा की तरफ घूमने के लिए निकले थे. वहीं पति ने हत्या कर शव कुएं में डाल दिया व ताराबाद गांव स्थित मृतका के मामा के घर भाग गया था. परिजनों को इसकी सूचना मिलने पर कुएं से शव को बाहर निकाला गया. आरोपित पति को पकड़ कर चितरा थाने लाया गया. परिजनोें ने उससे हत्या का कारण पूछा तो उसने बताया कि लड़की पसंद नहीं थी, इसलिए हत्या कर दी.
घटना की सूचना मिलने पर जिप अध्यक्ष प्रतिनिधि अशोक राय चितरा थाना पहुंचे और पीड़ित परिजनोें को सांत्वना दी. जांच कर कड़ी कार्रवाई करने मांग की. मजदूर नेता योगेश राय, आदर्श दास, लक्ष्मण दास के भाजपा के रणवीर सिंह, रंजीत सिंह समेत कई लोग चितरा थाना में उपस्थित थे. इस संबंध में चितरा थाना प्रभारी कैलाश कुमार नेे कहा कि जांच पड़ताल की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही कुछ कहा जा सकता है.
