सांसद ने सलैया गांव में अनुसूचित जाति के टीकू दास के घर बितायी रात
मधुपुर : सलैया में बुधवार को ग्राम स्वराज अभियान के तहत एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने किया. मौके पर सांसद ने ग्रामीणों ने सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनी. गांव की महिला माया देवी व नीमा देवी आदि ने कहा कि शराब गांव में सबसे बड़ी समस्या है.
यह बंद होनी चाहिए. वहीं बिजली व पानी की समस्याओं को भी ग्रामीणों ने रखा.
शत प्रतिशत लोगों को मिलेगा गैस कनेक्शन, बनेंगे शौचालय : सांसद ने कहा कि सलैया आदर्श सांसद ग्राम है. इसके कारण सौ फीसदी लोगों को शौचालय, गैस व बिजली कनेक्शन मिलना है. स्थल पर ही संबंधित विभाग के अधिकारियों को बुला कर कहा कि एक माह के अंदर सभी घरों में शौचालय निर्माण, उज्जवला योजना के तहत गैस वितरण व बिजली कनेक्शन होना चाहिए, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जायेगी. काम नहीं करने वाले अधिकारी को अब नौकरी से हटाया जायेगा.
उन्होंने कहा कि सभी प्रखंडों में कई विद्यालयों का विलय हो रहा है. वे इसके खिलाफ हैं. उन्होंने कहा कि यह हालत मिड डे मील योजना के कारण हुईआ. एक-एक बच्चे का नामांकन लोग दो-तीन स्कूलों में करा देते थे.
उन्होंने कहा कि देवघर में बिजली की समस्या कम है. मधुपुर में बिजली की समस्या तभी खत्म होगी, जब संताल परगना में विद्युत पावर प्लांट बनेगा. उन्होंने कहा कि उन्होंने देवघर में 2012 में 14 मेगावाट के पावर प्लांट का निर्माण कराया. इससे देवघर की बिजली समस्या कम हुई. मधुपुर में भी 10 मेगावाट क्षमता का पावर प्लांट बनने से समस्या कम हो सकती है. उन्होंने कहा कि मधुपुर शहरी क्षेत्र के लिए बेस्ट मैनेजमेंट व घर-घर कूड़ा उठाव के लिए मंगलवार को ही राज्य सरकार ने 122 करोड़ की स्वीकृति दी है. इसमें 4.61 करोड़ केंद्र सरकार, 59 करोड़ राज्य सरकार व 60 करोड़ कचरा उठाने वाली कंपनी धीरे-धीरे लगाएगी. उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र में तकरीबन 70 करोड़ की लागत से जलापूर्ति योजना भी शुरू होने वाली है.
देर रात तक चला कीर्तन
गांव में देर रात तक ग्रामीणों संग सांसद ने कीर्तन किया. इस अवसर पर संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे.
क्या-क्या बना था खाना
सांसद ने सलैया प्रवास के दौरान ग्रामीणों के साथ रात में खाना खाया. रात के खाने में पूड़ी, आलू पटल की सब्जी, भिंडी का भुजिया, सलाद और मिठाई की व्यवस्था थी.
महिलाओं को मिला गैस चूल्हा व सिलिंडर
इससे पूर्व उन्होंने उज्ज्वला योजना के तहत तकरीबन डेढ़ दर्जन ग्रामीणों के बीच गैस सिलिंडर व चूल्हा वितरित किया. मौके पर प्रखंड, अंचल, पेयजल आपूर्ति विभाग, पशुपालन विभाग, कृषि, स्वास्थ्य आदि 14 विभागों की स्टॉल लगाया गया था. इसमें स्वास्थ्य जांच भी हुई. मवेशियों के लिए भी अलग से शिविर लगाये गये थे.
