देवघर : आभूषण देखते ही उसे पाने की चमक किसी के भी आंखों में बरबस आंखों में देखी जा सकती है, पर अगर नीयत सही तो ईमानदारी कभी इसे डगमगाने नहीं देती. बाबा मंदिर में दारोगा विजयनाथ झा ने भी कुछ ऐसी ही ईमानदारी की मिसाल पेश की. दरअसल, मंगलवार को बाबा मंदिर के गर्भगृह में किसी महिला श्रद्धालु की सोने की एक चेन व कान बाली गिर गयी. मंदिर दारोगा विजय नाथ झा की नजर पड़ते ही उन्होंने सबसे पहले गर्भगृह में मौजूद लोगों को पूछा. हालांकि, जब किसी श्रद्धालु ने दावा नहीं किया तो उन्होंने दान संग्रहण गिनती के समय बैठे कर्मचारी व सहायक प्रभारी की मौजूदगी में जमा करा दिया.
मंदिर की ओर से इसे तुरंत सोनार से जांच कराया गया व वजन करा कर रजिस्टर में इंट्री करा दिया गया. सहायक प्रभारी दीपक मालवीय, सुनील तिवारी, आनंद तिवारी ने दारोगा की काफी सराहना की. दारोगा ने बताया कि उनका वेतन भले ही कम है, पर नीयत हमेशा सही रखते हैं. बाबा की कृपा से सब ठीक चल रहा है. स्थिति खराब भी हुई तो गलत तरीके से कभी पैसा नहीं कमायेंगे.
