मोहनपुर : 12 लाख के जलमीनार का पुआल रखने में हो रहा उपयोग
देवघर : मोहनपुर के झारखंडी पंचायत अंतर्गत जमुआ गांव में पांच साल पहले बनायी गयी पानी टंकी का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल रहा है. अबतक ग्रामीणों को जलमीनार से पानी नसीब नहीं हुआ है. वर्तमान में ग्रामीण इस टंकी का उपयोग पुआल रखने के लिए कर रहे हैं. ग्रामीण सरोज यादव, नगदी यादव, ओमप्रकाश […]
देवघर : मोहनपुर के झारखंडी पंचायत अंतर्गत जमुआ गांव में पांच साल पहले बनायी गयी पानी टंकी का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल रहा है. अबतक ग्रामीणों को जलमीनार से पानी नसीब नहीं हुआ है. वर्तमान में ग्रामीण इस टंकी का उपयोग पुआल रखने के लिए कर रहे हैं. ग्रामीण सरोज यादव, नगदी यादव, ओमप्रकाश यादव, अनिल मंडल, रंजीत मंडल, पूरण महतो, अंगेज यादव, गुलाबी देवी, कविता देवी ने बताया कि 2012-13 में पीएचइडी द्वारा 12,86,398 रुपये से गांव में जलमीनार का निर्माण कराया गया था.
इससे गांव की कुल आबादी करीब एक हजार लोगों को पेयजल की सुविधा मिलती, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. ठेकेदार कार्य को अधूरा ही छोड़ दिये. सिर्फ जलमीनार का ट्रायल कर दिया गया, लेकिन पेयजलापूर्ति चालू नहीं हुई. वहीं एक वर्ष पहले छत पर लगाया गया सोलर प्लेट भी तेज हवा के झोंके से गिर कर टूट गया. ग्रामीणों ने जलमीनार को चालू करने के लिए बीडीओ से लेकर डीसी तक आवेदन दिया, लेकिन जलमीनार चालू नहीं हो पाया. ग्रामीणों में अब पेयजलापूर्ति की आस भी टूट चुकी है.
फैक्ट फाइल
2012-13 में पीएचइडी ने बनाया था जलमीनार
एक हजार की आबादी को मिलना था पानी
12,86,398 रुपये की लागत से किया गया था निर्माण
ठेकेदार ने कार्य को अधूरा छोड़ दिया
ग्रामीण क्षेत्रों में प्रति व्यक्ति 70 लीटर पानी की आवश्यकता है, इसमें विभाग 40 लीटर पानी अभी मुहैया करायी जा रही है. जरूरत को पूरा करने के लिए बंद जलापूर्ति योजनाओं का आकलन किया जा रहा है, इसे चालू कराया जायेगा. साथ ही नयी जलापूर्ति योजना का काम जल्द पूरा करने के लिए तेजी से काम चल रहा है. सभी चापानलों को दुरुस्त किया जा रहा है. शहरी क्षेत्र में जरूरत के अनुसार नगर निगम को पानी मुहैया कराना है.
– रघुनंदन शर्मा, अधीक्षण अभियंता, देवघर