टेंडर में ठेकेदार नहीं आने की वजह से निगम ने तत्काल एक साल के लिए सशर्त दिया टेंडर
टेंपू व मैजिक के लिए अंतिम तिथि आज, कल से कटेगा फाइन
देवघर : सब्जी मंडी, रोड साइड व नाला पर अस्थायी दुकानों व पार्किंग टैक्स वसूली के लिए टेंडर निकालने के बाद भी टेंडर में एक भी ठेकेदार शामिल नहीं होने के कारण निगम ने सशर्त एक साल के लिए टेंडर दे दिया है. वहीं टेंपू, ट्रेकर व मैजिक का टैक्स जमा करने की अंतिम तिथि आज है. इसके बाद निगम की ओर से टीम छापेमारी कर कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है. निगम ने नगरपालिका अधिनियम 2011 के तहत रवि रोबिन को 75 हजार रुपया प्रति माह के हिसाब से निगम क्षेत्र अंतर्गत रोड साइड पार्किंग,
रवि शंकर ठाकुर को 3.30 लाख रुपये प्रति माह में सब्जी मंडी व प्रकाश मिश्र को रोड साइड व नाला के ऊपर अस्थायी दुकानों से कर वसूली के लिए 3.30 लाख रुपये प्रति माह के हिसाब से टेंडर दिया है. शर्त के अनुसार निगम ने ये टेंडर एक साल के लिए दिया है व निगम को टेंडर रद्द करने का अधिकार कभी भी होगा. इसके अलावा ठेकेदार को तय राशि एक माह अग्रिम के हिसाब से निगम को देना होगा. वहीं निगम ने टैक्स वसूली करने वालों को टी शर्ट व पहचान पत्र रखने की अनिवार्यता अपने शर्त में रखा है.
