दिन भर लोडिंग ठप, गेट किया जाम
देवघर : जसीडीह थानांतर्गत इंडियन ऑयल टर्मिनल के समीप रविवार की देर रात में टैंकर चालकों व उपचालकों के साथ मारपीट व छिनतई की घटना हुई है. इसके विरोध में चालकों ने सोमवार दिन भर काम ठप कर दिया. घटना को लेकर टैंकर चालकों व उपचालकों ने मुख्य गेट को दो घंटे तक जाम किया और आरोपितों पर कार्रवाई की मांग की. घटना के बारे में चालकों व उपचालकों ने कहा कि वे लोग गाड़ी में सो रहे थे. उसी क्रम में 50 की संख्या में असामाजिक तत्वों ने लाठी-डंडे से धावा बोलकर रंगदारी की मांग की. आपत्ति जताने पर दर्जन भर चालकों व उप चालकों के साथ गाली-गलौज कर मारपीट किया. घटना में कई टैंकर चालक व उप चालक घायल भी हुए हैं. वहीं नकद 30 से 40 हजार रुपये व दो मोबाइल लेकर फरार हो गये.
कई ट्रकों का शीशा भी तोड़ा : इस क्रम में टैंकर जेएच 10 एन 2595, जेएच 10 एएस 1642, जेएच 10 एएस 1268, बीआर 09 आर 0844, बीआर 34 जीजी 5855, जेएच 11 सी 9606, जेएच 2एई 7189, जेएच 2 एबी 9606, जेएच 2 ई 9606, जेएच 2 जे 9606, जेएच 10 भी 4745, एनएल 02 एल 3498 समेत अन्य गाड़ियों का शीशा भी तोड़ दिया. जाम की सूचना पाकर जसीडीह थाना के एएसआइ आरसी चौधरी पुलिसकर्मियों के साथ आइओसी टर्मिनल गेट पर पहुंचे. आक्रोशित चालकों व उपचालकों को शांत कराया. बावजूद चालकों की ओर से लोडिंग का काम ठप रखा गया. घटना को लेकर बिहार के गया जिले के फतेहपुर निवासी टैंकर चालक त्रिपुरारी सिंह ने थाना में शिकायत दी है. समाचार लिखे जाने तक जसीडीह थाने की पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है.
टैंकर चालकों व उपचालकों ने टर्मिनल मुख्य गेट दो घंटे तक जाम कर की कार्रवाई की मांग
सूचना पाकर पहुंची जसीडीह थाने की पुलिस, समझाकर कराया शांत
फिर भी चालकों ने ठप रखा लोडिंग का काम
नकद 40 हजार रुपये व दो मोबाइल छिनतई, कई टैंकरों के तोड़े गये शीशे
गया जिले के फतेहपुर निवासी टैंकर चालक त्रिपुरारी सिंह ने थाने में दी शिकायत
