रविवार का दिन दुर्घटनाओं से भरा रहा. जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये. ये घटनाएं देवघर, कुंडा, जसीडीह व मोहनपुर थाना क्षेत्र में हुई.
देवघर : मोहनपुर थाना क्षेत्र से सारवां की तरफ जा रही बराती गाड़ी तीरनगर-सारवां मुख्य पथ पर शनिवार रात को पलट गयी थी. घटना में हिदायतुल्ला (56) की मौत हो गयी.
वहीं मुमताज सहित एक अन्य बराती भी घायल हो गये. बताया जाता है कि तेज गति में जा रही बराती गाड़ी के चालक का संतुलन बिगड़ने से दुर्घटनाग्रस्त हो गयी तथा हिदायतुल्ला समेत तीन बराती घायल हुए थे. सभी को स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया. गंभीर हालत में हिदायतुल्ला को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया था. रांची ले जाने के क्रम में उसकी रास्ते में ही मौत हो गयी. इसके बाद लौटाकर वापस लाया गया, तो मोहनपुर थाने की पुलिस ने हिदायतुल्ला के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
