देवघर : तीर्थस्थल का कायाकल्प और आध्यात्मिक संवर्द्धन संचालन योजना ‘प्रसाद’ (पिलग्रीमेज रिजुवेनेशन एंड स्प्रीच्युलिटी एग्मेंटेशन ड्राइव) के तहत बाबा बैद्यनाथ मंदिर के आसपास के क्षेत्रों को श्रद्धालुओं के अनुकूल तथा अधिक सुविधाजनक बनाया जायेगा. प्रसाद योजना को मूर्त रूप देने के लिए पर्यटन मंत्रालय की केंद्रीय सह अपर निदेशक मीनाक्षी शर्मा की अध्यक्षता में देवघर सर्किट हाउस में डीसी राहुल कुमार सिन्हा सहित जिले के विभिन्न विभागों के आलाधिकारियों व स्टेक होल्डरों के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई.
केंद्रीय सह अपर निदेशक ने बाबा मंदिर व आसपास, शिवगंगा, चिल्ड्रेन पार्क, कांवरिया पथ आदि का निरीक्षण भी किया. उन्होंने कहा कि प्रसिद्ध शिवगंगा घाट के सौंदर्यीकरण एवं प्रत्येक श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए इसे और अधिक सुविधाजनक बनाया जायेगा. शिवगंगा की साफ-सफाई पर विशेष फोकस करते हुए इसका सौंदर्यीकरण किया जायेगा. बाबा बैद्यनाथ मंदिर के आसपास क्षेत्र की गलियों को अतिक्रमण मुक्त कर उसका सौंदर्यीकरण किया जायेगा. शिवगंगा के साथ-साथ जलसार पार्क,
बैद्यनाथ गली, सरदार पंडा लेन तथा शिवगंगा गली का भी सौंदर्यीकरण शामिल है. कांवरिया पथ में चार हजार कांवरियों के रहने के लिए होल्डिंग प्वाइंट के निर्माण का प्रस्ताव है. प्रथम चरण में 50 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर और भी राशि दी जायेगी. बैठक में डीसी के अलावा डिप्टी मेयर नीतू देवी, नगर निगम के सीइओ संजय कुमार, पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष प्रो सुरेश भारद्वाज, चेंबर के अधिकारी तारकेश्वर प्रसाद सिंह, जीवन प्रकाश आदि उपस्थित थे.
