निर्णय. डीसी ने दिया आदेश, अब बाबा मंदिर के रहेंगे दो ही खाते
सात बैंकों में संचालित हो रहे थे 11 खाते
सुविधा केंद्र में एसबीआइ का ब्रांच खोलने के लिए भेजा गया पत्र
देवघर : बाबा मंदिर की व्यवस्था को पूरी तरह से पारदर्शी बनाने के लिए नये कदम उठाये जा रहे हैं. डीसी सह बाबा मंदिर प्रशासक राहुल कुमार सिन्हा ने मंदिर के नाम से डाकघर सहित अलग-अलग सात बैंकों में बाबा मंदिर के नाम से वर्तमान में संचालित 11 खाते में नौ को बंद कर सिर्फ दो खातों को रखने का आदेश जारी किया है.
मिली जानकारी के अनुसार, ये दोनों खाते को संचालित करने के लिए राष्ट्रीय स्तर के बैंकों को प्राथमिकता दी जायेगी. चर्चा है कि एसबीआइ व सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में एक-एक खाता बाबा मंदिर के नाम से होगा. वहीं मार्च के बाद सभी नौ खातों को बंद कर दिया जायेगा.
इन बैंकों व डाकघर में खाता हो रहा संचालित : वर्तमान में बाबा मंदिर के नाम से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में दो खाते, पंजाब नेशनल बैंक में एक, एचडीएफसी में एक, इलाहाबाद बैंक सत्संग शाखा में एक व बाजला चौक स्थित शाखा में एक, एक्सिस बैंक में एक तथा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में तीन खाते सहित पोस्ट ऑफिस में एक खाता संचालित है.
मंदिर का सिक्का बेचने के लिए बैंक को देने पर हो रहा विचार
अगर सबकुछ ठीक रहा, तो सुविधा केंद्र में एसबीआइ शाखा के माध्यम से मंदिर का सिक्का मिलेगा. वर्तमान में सोने व चांदी के सिक्के की बिक्री बाबा मंदिर कार्यालय के विकास काउंटर से हो रही है. मंदिर प्रबंधन अब इसे बैंक के जिम्मे देने की सोच रही है. बैंक सिक्के का निर्माण से लेकर बेचने तक का काम करेगी. वहीं से मंदिर के एकाउंट में पैसा जमा हो जायेगा.
सुविधा केंद्र में एसबीआइ शाखा खोलने की तैयारी
बाबा मंदिर प्रबंधन ने एसबीआइ को पत्र लिखकर बाबा मंदिर परिसर के समीप स्थित सुविधा केंद्र में एसबीआइ की शाखा खोलने का आग्रह किया है. मंदिर ने बैंक को कहा है कि यहां शाखा खुलने से सभी कर्मचारियों का एकाउंट खोलकर वेतन आदि का भुगतान व मंदिर के पैसे के लेन-देने में सुविधा होगी. साथ ही आसपास के लोग भी बैंक के ब्रांच से जुड़ सकेंगे.
