देवघर : मोहनपुर थाना क्षेत्र के बांक गांव में रविवार को साइबर सेल के डीएसपी अजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में पकड़े गये चार युवकों में से तीन युवक को कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेज दिया गया. जिसे जेल भेजा गया, उसमें बांक बढ़ही टोला निवासी अजय कुमार राणा, गोविंद राणा व मधुपुर थाना क्षेत्र के कुशुमडीह गांव निवासी अरविंद शर्मा है.
एक युवक को साक्ष्य के अभाव में पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया. उक्त तीनों पर मोहनपुर थाना में एसआइ अनिल कुमार शर्मा द्वारा साइबर ठगी की प्राथमिकी दर्ज की गयी है. तीनों साइबर ठगों के पास से बरामद मोबाइल व एटीएम कार्ड की छानबीन से पुलिस को कई साक्ष्य मिले. पुलिस के अनुसार, ये बैंक अधिकारी बनकर ठगी का पैसा अपने मोबाइल वॉलेट में ट्रांसफर करते थे, उसके बाद इस पैसे को ऑनलाइन शॉपिंग से लेकर कई खर्च किये जाते थे.
