अवैध शराब फैक्टरी के मामले में दर्ज करायी गयी एफआइआर
टुन्ना सिंह के घर में बन रहा था अवैध देसी मसालेदार शराब
देवघर : कुंडा थाना क्षेत्र के भोक्ताडीह स्थित ऊंची बाउंड्री के अंदर बने एस्बेस्टस कमरे में पानी का प्लांट लगाने के बहाने अवैध रूप से देसी शराब बनाने का धंधा चलाया जा रहा था.
यह मकान टुन्ना सिंह का है. अब कुंडा पुलिस टुन्ना को खोज रही है. वहीं अवैध शराब फैक्टरी मामले में थाना प्रभारी असीम कमल टोपनो की शिकायत पर एफआइआर दर्ज किया गया. इसमें बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मधुबन निवासी अरुणेश कुमार उर्फ मुन्ना सिंह, कोइलहरा निवासी गगनदेव पासवान, मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर निवासी रामाधार साह, विकास कुमार, लालबहादुर महतो, बखरा निवासी चन्दन कुमार, चंदन कुमार, राहुल कुमार उर्फ गुड्डू, जगदीशपुर निवासी मुकेश कुमार व मोतिहारी के पतारी निवासी शिवचंद्र राम को आरोपित बनाया गया है. गिरफ्तार सभी आरोपितों को जेल भेज दिया गया. थाना प्रभारी के अनुसार, यहां अवैध रूप से देसी मसालेदार शराब निर्माण, पैकिंग व संग्रहण किया जा रहा था. जहां पर अवैध कारोबार चल रहा था, वहां देखकर शंका नहीं होती. बाहर में ईंट-बालू रखा था.
देख कर लगता कि नया मकान बन रहा हो. पूछताछ में थाना प्रभारी को अरुणेश ने बताया कि जहां शराब बनता था वह मकान पूर्वी चंपारण के पिपरा गांव निवासी टुन्ना सिंह का है. टुन्ना से उसका परिचय कांटी निवासी अनिल सिंह ने कराया था. अनिल ने ही फोन से बात कराया था, जिसमें अरुणेश ने उससे काम लगाने कहा था.
उस दौरान टुन्ना ने कहा था कि देवघर के तपोवन रोड में उसकी जमीन-मकान है, जहां पानी प्लांट बैठाना है. शिवरात्रि के पूर्व टुन्ना ने अरुणेश को फोन कर काम के लिए बुलाया. वहां पहुंचा तो शिवचंद्र, मुकेश, राहुल व लालबहादुर को शराब बनाकर पैक करते देखा. कुछ दिन काम करने के बाद होली के पूर्व 26 फरवरी को वह घर चला गया. होली के बाद नौ मार्च को घर से आया तो साथ में चंदन, रामाधार, विकास, चंदन व गगनदेव को भी काम कराने के लिए साथ में लाया. शराब बनाकर पैक करने के बाद हर पाउच पर झारखंड का लोगो चिपकाता था, ताकि अवैध व्यापार के लिए भेजा जा सके.
क्या-क्या मिला है घटनास्थल से
गिरफ्तार लोगों के पास से पांच मोबाइल समेत उक्त एस्बेस्टस घर में बनाकर रखे दो सौ एमएल पाउच में पैक 210 कार्टून देसी मसालेदार शराब जब्त किया गया है. हर कार्टून में 48 पाउच शराब पैक था, जिस पर निर्माणशाला कुमड़ाबाद दुमका, आपूर्ति प्रक्षेत्र हजारीबाग लिखा है.
झारखंड सरकार का मोनोग्राम वाला स्टीकर, सात ड्रम में भरा 1400 लीटर स्पिरिट, एक लाल ड्रम में भरा केमिकल, प्लास्टिक बोरा में रखे शराब भरने वाला पांच बंडल पाउच, तीन बोतल केमिकल, एक डिब्बा डेंड्राइट, पांच लीटर के प्लास्टिक डिब्बा में भरा काला कैमिकल, दो पाउच कटिंग व पैकिंग मशीन, 19 किलो व 14.2 किलो का गैस सिलिंडर, अल्कोहल मापक पॉट, दो खाली ड्रम, प्लास्टिक जार, दो गमला, चार बाल्टी, अल्युमिनियम मग व प्लास्टिक टब बरामद किया गया.
