देवघर : मोहनपुर थाना क्षेत्र स्थित घोरमारा नीचे टोला के स्कॉर्पियो सवार साइबर ठग के सरगना को तीन थाने की पुलिस खोज रही है. इसमें दिल्ली पुलिस समेत साइबर सेल व मोहनपुर थाने की पुलिस को उक्त साइबर ठग के सरगना की तलाश है. पुलिस ने उक्त साइबर ठग के वायरल वीडियो का भी सत्यापन कर लिया है, जिसमें वह बरमुडा पैंट पहनकर खेत में फोन के जरिये साइबर ठगी को अंजाम दे रहा है. मोहनपुर थाना प्रभारी के पास भी उक्त वीडियो पहुंच चुका है. पिछले दिनों साइबर डीएसपी एके सिन्हा जब घोरमारा में जागरुकता अभियान में पहुंचे थे, तो साइबर ठग का सरगना सफेद स्कॉर्पियो पर सवार होकर भाग निकला था.
दिल्ली पुलिस ने भी होली के पहले उसकी गिरफ्तारी के लिए घोरमारा नीचे टोला में उसके घर होते हुए घोरमारा रेलवे स्टेशन के पास पहुंची थी, लेकिन वह आमगाछी की ओर भाग निकला था. पुलिस अब उक्त सरगना को अपने कब्जे में लेने के लिए जाल बिछा रही है. पुलिस ने उसके काले रंग की पल्सर बाइक को भी चिन्हित कर लिया है. घोरमारा समेत उसके सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र स्थित ससुराल में नजर बनाये रखने के लिए सोनारायठाढ़ी थाना से सहयोग मांगा गया है.
