देवघर : एसपी नरेंद्र कुमार सिंह ने बालू डंप मामले में जांच अधिकारियों की रिपोर्ट पर कुंडा थाना प्रभारी एसआइ राजीव रंजन को निलंबित कर दिया. उन्होंने बताया कि बालू डंप संबंधी समाचार प्रभात खबर में छपने के बाद सहायक जिला खनन पदाधिकारी राजेश कुमार, एसडीपीओ दीपक कुमार पांडेय व एक अन्य अधिकारी ने संयुक्त रूप से स्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की. इसके बाद उन्हें रिपोर्ट दिया. जांच रिपोर्ट में कुंडा थाना प्रभारी की लापरवाही पाकर उन्हें निलंबित कर दिया गया.
निलंबन अवधि में एसआइ राजीव रंजन का मुख्यालय पुलिस केंद्र होगा. एसपी ने मारगोमुंडा थाना प्रभारी असीम कमल टोपनो को कुंडा थाना का नया प्रभारी बनाया है. वहीं उनकी जगह मधुपुर थाना के जेएसआइ जगदेव पाहन तिर्की को मारगोमुंडा का नया थाना प्रभारी बनाया. दोनों 2012 बैच के एसआइ हैं. असीम पहले भी कुंडा थाना प्रभारी रह चुके हैं. दोनों थाना प्रभारी को शीघ्र एसपी ने नवपदस्थापित स्थान पर योगदान करने का निर्देश दिया है.
