रार. पहले सांसद फिर विधायक ने दो पावर सब स्टेशन का किया उद्घाटन व शिलान्यास, मामला तूल पकड़ा
अब क्षेत्र में होगी निर्बाध बिजली आपूर्ति : सांसद
बासुकिनाथ : झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड का तालझारी विसवामारनी में 33/11 केवीए विद्युत शक्ति उपकेंद्र का उद्घाटन एवं सुखजोरा-साधुडीह पावर सब स्टेशन के शिलान्यास को लेकर सांसद निशिकांत दुबे एवं विधायक बादल पत्रलेख दोनों ने अलग-अलग समय पर एक ही योजना का दोबारा उदघाटन व शिलान्यास किया. इसको लेकर लोगों में काफी चर्चा है. शनिवार को सांसद ने तालझारी-विसवामारनी पावर सब स्टेशन का उदघाटन 1.32 बजे फीता काटकर एवं नारियल फोड़ कर किया.
उन्होंने कहा कि इस पावर सब स्टेशन से क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति की जायेगी. सांसद प्रतिनिधि सीताराम पाठक एवं लखीनारायण दत्ता ने बताया कि पंचायत जोंका, तेतरिया, शंकरपुर, बरमासा, कालाडुमरिया, रायकिनारी आदि पंचायतों को इस पावर सब स्टेशन का लाभ मिलेगा. वहीं विधायक भी शनिवार की दोपहर बाद 2.45 बजे यानी करीब सवा घंटे बाद योजना स्थल ग्रामीणों के साथ पहुंचे. गंगाजल छिड़क कर उदघाटन स्थल का शुद्धिकरण कर विधिवत मंत्रोच्चारण के बीच नारियल फोड़ा. उसके बाद सहारा-लोंगायकमरडीहा एवं लखना फीडर का बटन दबा कर सेवा की शुभारंभ की गयी.
