रांचीः कोल इंडिया लिमिटेड ने अपने कर्मचारियों के लिए अयोध्या और वाराणसी में हॉलिडे होम की सुविधा शुरू की है. दोनों शहरों में कर्मचारियों के लिए दो-दो कमरे उपलब्ध होंगे. यह व्यवस्था एक सितंबर 2026 से 31 अगस्त 2028 तक के अनुबंध के तहत संचालित होगी. कर्मचारियों को दोनों स्थानों पर कमरा लेने के लिए प्रतिदिन 400 रुपये का शुल्क देना होगा.
कोल इंडिया के सर्कुलर के अनुसार, अयोध्या में कल्याण केके होटल्स, रामपथ, अयोध्या में दो कमरे उपलब्ध रहेंगे. वहीं वाराणसी में सफायर ग्रांड में दो कमरों की व्यवस्था की गयी है. इस सुविधा का लाभ केवल कोल इंडिया के कर्मचारी ही उठा सकेंगे. आवेदन के साथ कर्मचारी के परिवार के सदस्यों से संबंधित निर्धारित घोषणा-पत्र भी संलग्न करना होगा. आवेदन संबंधित कर्मचारी के नियंत्री पदाधिकारी के माध्यम से भेजना होगा. इसके अलावा 400 रुपये प्रति कमरा प्रतिदिन की दर से पूरी राशि का डिमांड ड्राफ्ट कोल इंडिया के पक्ष में जमा करना होगा.
ये भी पढ़ें- JSSC CGL पर हाईकोर्ट के फैसले से अभ्यर्थियों के चेहरे पर लौटी खुशी, जमीन चूमकर मनाया जश्न
एक कर्मचारी को अधिकतम तीन दिन की बुकिंग
नियमों के अनुसार, एक कर्मचारी किसी एक होटल में अधिकतम तीन दिनों के लिए कमरा बुक कर सकता है. किसी एक स्थान पर एक कर्मचारी को एक कैलेंडर वर्ष में अधिकतम दो कमरे आवंटित किये जा सकते हैं. बुकिंग वास्तविक आरक्षण की तारीख से 75 दिन पहले शुरू होगी. एक स्थान की बुकिंग को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित नहीं किया जा सकेगा.
बुकिंग दूसरे व्यक्ति के नाम करना माना जाएगा नियम विरुद्ध
कंपनी के निर्देश के अनुसार बुकिंग किसी दूसरे व्यक्ति के नाम ट्रांसफर नहीं की जा सकेगी. ऐसा करना कंपनी के नियमों के तहत गलत माना जायेगा. वहीं यदि कर्मचारी बुकिंग की वास्तविक अवधि से कम से कम सात दिन पहले उसे रद्द नहीं करता है, तो जमा की गयी बुकिंग राशि वापस नहीं की जाएगी.
