जहरीला पदार्थ खाकर युवक ने की आत्महत्या
सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस वहां पहुंची और मामले की जानकारी ली.
कान्हाचट्टी. राजपुर थाना क्षेत्र के बकचुंबा गांव निवासी सुनील सोनी (32) ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस वहां पहुंची और मामले की जानकारी ली. शनिवार को सदर अस्पताल चतरा में पोस्टमार्टम करा कर शव को परिजनों को सौंप दिया. घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है. जानकारी के अनुसार, सुनील की भतीजी की तिलक शनिवार को होना था.
सड़क हादसे में टेंपो चालक की मौत
टंडवा. टंडवा-सिमरिया मुख्य सड़क पर किशनपुर के समीप शनिवार को सड़क हादसे में टेंपो चालक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान नावाडीह उर्फ तेलियाडीह पंचायत के पनहैया गांव निवासी 57 वर्षीय मथुरा साव के रूप में हुई है. बताया गया कि मथुरा साव कुछ लोगों के साथ बोरा में सब्जियां भरकर टेंपो से केरेडारी बाजार जा रहे थे. टेंपो में अधिक सामान लदा था, स्टेयरिंग में खराबी थी. जिससे स्टेयरिंग ने काम करना बंद कर दिया और टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. हादसे में चालक मथुरा साव टेंपो के नीचे दब गये और गंभीर रूप से घायल हो गये. उन्हें तत्काल टंडवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया.