डेढ़ किलो अफीम के साथ युवक गिरफ्तार, भेजा गया जेल
डेढ़ किलो अफीम के साथ युवक गिरफ्तार, भेजा गया जेल
प्रतिनिधि, कुंदा. पुलिस ने छापामारी अभियान चला कर चिलोई गांव से डेढ़ किलो अफीम के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवक मोहित कुमार भारती (पिता स्व कारू भारती) चिलोई गांव का रहने वाला है. इस संबंध में थाना प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि मोहित अपने घर में अफीम रखे हुए है, जो बेचने के फिराक में है. सूचना के आलोक में छापामारी टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर की तलाशी ली गयी, इस दौरान अफीम जब्त किया गया. एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया. छापामारी अभियान में थाना प्रभारी के अलावा कई जिला बल के जवान शामिल थे.
तस्कर सक्रिय, कार्रवाई जारी : अफीम के विरूद्ध पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. हर एक-दो दिनों के अंतराल में अफीम के साथ तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज रहे हैं. स्थानीय लोगो के साथ-साथ अंतरराज्यीय तस्कर भी पुलिस के हत्थे चढ़ रहे है. एक ओर पुलिस की कार्रवाई जारी है, तो वहीं दूसरी ओर अफीम तस्कर क्षेत्र में सक्रिय है. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, यूपी, राजस्थान समेत अन्य राज्यो के तस्कर सक्रिय है, जो स्थानीय तस्करो से मिल कर अफीम की खरीद-बिक्री कर रहे है. मालूम हो कि इस बार लावालौंग व कुंदा थाना क्षेत्र में बड़े पैमाने पर खेती की गयी थी. हालांकि पुलिस ने पोस्ता विनष्टीकरण अभियान चला कर नष्ट किया. इसके बाद भी भारी मात्रा में पोस्ता से अफीम निकाला गया है, जो अब बेचा जा रहा है. मादक पदार्थो के कारोबार में कई सफेदपोश भी शामिल है. पुलिस बड़े तस्करों तक नहीं पहुंच पा रही है, जिसके कारण तस्करो का मनोबल बढ़ा हुआ है.