जोरी. जोरी वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के जोलडीहा पंचायत के कसियाडीह गांव निवासी वकील भुइयां (35) पिता कुलेश्वर भुइयां की मौत यूपी के बिजनौर जिले के जीतपुरा गांव में बिजली करंट के चपेट में आने से हो गयी. उसका शव मंगलवार की देर शाम गांव पहुंचा. शव देखते ही परिजन दहाड़ मार कर रोने लगे. परिजनों के चित्कार से माहौल गमगीन हो गया. वह सात माह पूर्व रोजी-रोटी के लिए यूपी गये थे, जहां बिजनौर जिले के जीतपुरा गांव में एक बड़े किसान के यहां खेतीबारी करता था. सोमवार अहले सुबह खेत में ट्यूबवे से पटवन के दौरान कटे हुए बिजली तार की चपेट में आ गया. आसपास के मजदूरों ने देखा तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. इसके बाद साथियों ने मृतक के परिजनों को सूचना दी. वकील घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था. उसके पीछे पत्नी व तीन छोटे बच्चे हैं. पिता की असमय मौत से बच्चे जहां सदमे में हैं, वहीं अब पूरे परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है. ग्रामीणों ने राज्य सरकार व श्रम विभाग से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा व सहायता देने की मांग की है.
कसियाडीह के मजदूर की यूपी में मौत, गांव में शोक
कसियाडीह के मजदूर की यूपी में मौत, गांव में शोक
