चतरा: जमीन पर दखल-देहानी कराने के दौरान दो सितंबर को पेट्रोल छिड़ककर हुई अगलगी की घटना में गंभीर रूप से झुलसी महिला रीना देवी (पति स्व. नरेश प्रसाद कसेरा) की इलाज के दौरान मौत हो गयी. रांची के देवकमल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था. मंगलवार शाम करीब चार बजे इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पेट्रोल छिड़ककर लगाई गई थी आग
शहर के केशरी चौक स्थित गौरक्षणी के सामने व्यवहार न्यायालय के आदेश पर जमीन पर दखल-देहानी कराने के लिए प्रशासनिक और पुलिस टीम पहुंची थी. इसी दौरान जमीन पर पहले से रह रहे लोगों की ओर से कार्रवाई का विरोध किया गया था. इसी बीच पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की घटना हुई थी. इसकी चपेट में महिला आ गयी थी. महिला को बचाने के प्रयास में उसका पुत्र धीरज कुमार और सदर थाना के एएसआई प्रवीण कुमार भी झुलस गये थे.
सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रांची रेफर
घटना के बाद रीना देवी को गंभीर हालत में सदर अस्पताल लाया गया था. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया था. इसके बाद से देवकमल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था.
इसे भी पढ़ें: कटकमसांडी जागेश्वर भुईयां हत्याकांड: हजारीबाग पुलिस ने तीन दिनों में किया खुलासा, दो अरेस्ट
सदर थाना में केस दर्ज
अगलगी घटना को लेकर दखल देहानी कराने पहुंची टीम के दंडाधिकारी सह हंटरगंज सीओ रितिक कुमार और मारवाड़ी मुहल्ला निवासी प्रदीप कुमार अग्रवाल द्वारा अगल-अलग आवेदन देकर सदर थाना में मामला दर्ज कराया गया है.
इसे भी पढ़ें: चौपारण सेलहरा मोबाइल दुकान में चोरी मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी के सामान बरामद
