चतरा. हंटरगंज पुलिस ने मुर्गा फार्म से चोरी मामले का खुलासा करते हुए दो चोरों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके पास से चोरी की बाइक के खुले पार्ट्स, इंजन और मोबाइल बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपियों में जावादोहर गांव निवासी दीपक कुमार और नागेंद्र कुमार भुइयां शामिल हैं. यह जानकारी एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित डीएसपी मुख्यालय कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान दी.
10 अप्रैल को मुर्गा फार्म में हुई थी चोरी
एसडीपीओ ने बताया कि 10 अप्रैल 2026 को बिंदयाही गांव के सागासोत टोला स्थित मुर्गा फार्म में अज्ञात चोरों ने चोरी की थी. इस संबंध में फार्म मालिक के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज किया गया था. पुलिस ने मामले की जांच के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया.
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया है. मामले में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस टीम आरोपियों से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने के साथ लगातार छापेमारी कर रही है.
छापेमारी टीम में पुलिस इंस्पेक्टर विपिन कुमार, हंटरगंज थाना प्रभारी संदीप कुमार, एएसआइ सुनील कुमार दुबे के अलावा तकनीकी टीम और कई जवान शामिल थे.
