हंटरगंज. प्रखंड में सोमवार की देर शाम दो अलग-अलग सड़क दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. पहली घटना औरूगेरूआ पंचायत सचिवालय के पास घटी, जहां गमहरी पुलिया टूटने के कारण साइकिल लेकर गिरने से औरुगेरुआ गांव निवासी लखन मिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गया. ग्रामीणों के सहयोग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. घायल व्यक्ति डाटमी गांव से काम कर अपने घर साइकिल से जा रहा था. दूसरी घटना हंटरगंज-पांडेयपुरा मुख्य सड़क स्थित बलूरी गांव के पास घटी, जहां हाइवा की चपेट में आने से बाइक चालक बेलवाटांड़ गांव निवासी अवधेश यादव घायल हो गया. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति चिंताजनक रहने के कारण गया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. युवक बाइक से पांडेयपुरा से अपने घर जा रहा था, इस दौरान दुर्घटना घटी. दोनों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.
अलग-अलग दुर्घटना में दो घायल, रेफर
पहली घटना औरूगेरूआ पंचायत सचिवालय के पास घटी
