चतरा : जिले के लावालौंग पुलिस ने बगरा-लमटा के बीच वाहन जांच अभियान चलाकर करीब एक करोड़ 60 लाख रुपये मूल्य का डोडा लदा ट्रक जब्त किया है. पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार तस्कर की पहचान पंजाब के संगरूर जिले के मंगवाल निवासी दीपक सिंह के रूप में हुई है.
प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस ने दी जानकारी
यह जानकारी एसपी अनिमेष नैथानी ने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में प्रेस काॅन्फ्रेंस कर दी. एसपी ने बताया कि सूचना मिली थी कि रांची से बालूमाथ और बगरा होते हुए एक ट्रक में भारी मात्रा में डोडा बिहार के रास्ते पंजाब ले जा रहा है. सूचना के आधार पर टीम गठित कर बगरा-लमटा के बीच वाहन जांच शुरू की गयी. पुलिस को देखते ही एक तस्कर जंगल का लाभ उठाकर फरार हो गया, जबकि चालक दीपक सिंह पकड़ा गया.
चालक ने बताया पंजाब में बड़े तस्कर को सौंपने का था प्लान
तलाशी के दौरान प्लास्टिक कैरेट के नीचे छिपाकर रखा 85 बोरा डोडा बरामद किया गया. पूछताछ में चालक ने बताया कि डोडा रांची के बुंडू और तमाड़ क्षेत्र से लोड किया गया था और पंजाब में बड़े तस्कर को सौंपना था. एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार तस्कर को जेल भेज दिया गया. फरार तस्कर और अन्य संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है.
