चक्रधरपुर. चक्रधरपुर अंजुमन इस्लामिया की ओर से पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद मुस्तफा (स.) की सीरत और जीवन से संबंधित ज्ञान को बच्चों एवं युवाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से सीरतुन्नबी पर आधारित क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है. प्रतियोगिता का आयोजन आगामी रविवार, 23 अगस्त 2026 को उर्दू टाउन मध्य विद्यालय, चक्रधरपुर में किया जाएगा. प्रतियोगिता सुबह 11 बजे से शुरू होगी. आयोजकों के अनुसार यह प्रतियोगिता पूरी तरह ओपेन रखी गई है. इसमें 20 वर्ष से कम आयु के बालक एवं बालिकाएं भाग ले सकते हैं.
प्रतियोगिता में किसी एक शहर या जिले के प्रतिभागियों तक ही सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि देश के किसी भी शहर अथवा जिले से बच्चे इसमें शामिल हो सकते हैं. प्रतियोगिता में कुल 40 ऑब्जेक्टिव प्रश्न पूछे जाएंगे. प्रत्येक प्रश्न के साथ चार वैकल्पिक उत्तर दिए जाएंगे. प्रतिभागियों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए 30 मिनट का समय मिलेगा. प्रतियोगिता उर्दू, हिंदी एवं अंग्रेजी तीनों भाषाओं में आयोजित की जाएगी.
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रत्येक प्रतिभागी के लिए आयु से संबंधित कोई एक प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा. प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के दिन अपनी उम्र से संबंधित कोई एक वैध प्रमाण-पत्र साथ लेकर आना होगा. प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे.
प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं सहित अन्य प्रतिभागियों को कैश अवार्ड, ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र, इस्लामी किताबें एवं अन्य पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे. ऐसे कराएं पंजीकरण प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों को अपना नाम, पिता का नाम, स्कूल/कॉलेज का नाम, पता एवं मोबाइल नंबर लिखकर आयोजकों के दिए गए मोबाइल नंबर पर वाट्सएप्प के माध्यम से भेजना होगा.
वाटसऐप नंबर 8789119365 9431764041 अंजुमन इस्लामिया की ओर से अधिक से अधिक बच्चों एवं युवाओं से इस ज्ञानवर्धक प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की गई है. आयोजकों का कहना है कि प्रतियोगिता के माध्यम से नई पीढ़ी को पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद (स.) की सीरत, जीवन एवं शिक्षाओं से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है. उक्त जानकारी सचिव बैरम खान ने दिया.
ये भी पढ़ें: झारखंड CM के ऐलान के बाद रद्द होंगी ये प्रमुख भर्ती परीक्षाएं, देखें TDPL एजेंसी से जुड़ी 8 परीक्षाओं की लिस्ट
ये भी पढ़ें: पलामू मेडिकल काॅलेज में लेना चाहते हैं एडमिशन? जानें काॅलेज की पूरी डिटेल
