प्रतापपुर से बिहारी कुमार की रिपोर्ट
प्रतापपुर(चतरा). प्रतापपुर हाई स्कूल के मैदान में कृष्ण जन्माष्टमी पूजा खत्म हो गयी है, लेकिन मेला अब भी लगा हुआ है. पूजा के मौके पर हाई स्कूल के मैदान में दो दिनों का कार्यक्रम कराने की अनुमति दी गयी थी. इसके बावजूद मेला जारी रहने से स्कूली बच्चों समेत आसपास के लोगों को परेशानी हो रही है.
बच्चों की पढ़ाई हो रही बाधित
बिना अनुमति के मेला लगने से स्कूली बच्चों को काफी दिक्कत हो रही है. छात्र-छात्राओं को आने-जाने के साथ पढ़ने में भी परेशानी हो रही है. बच्चे क्लास में ध्यान नहीं लगा पा रहे हैं. स्कूल जाने वाले बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है. मेला स्कूल के मैदान में लगी हुई है और मेले की आवाज क्लास रूम तक जाती है.
मनमाने तरीके से चल रहे झूले और मनोरंजन के साधन
इस मेले में झूला मालिक अपनी मनमानी करते हुए झूला, ब्रेक डाईस, नाका, ड्रेगन व अन्य मनोरंजन के साधन चला रहे हैं. कई लोगों ने बताया कि मेला के आयोजन की समय सीमा खत्म हो गयी है, फिर भी गलत तरीके से मेला का आयोजन किया गया है.
स्वास्थ्य केंद्र के मरीजों को भी परेशानी
मेला के बगल में प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भी है. मेला की आवाज से मरीजों को काफी परेशानी होती है. मरीजों को आराम करने में मुश्किल हो रही है.
रात में आपराधिक घटनाओं की आशंका
वहीं रात के समय में कई आपराधिक घटना होने की आशंका बनी रहती है. अधिकतर महिला लोग रात में ही मेला देखने जाती हैं. अगर कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी.
चार और पांच सितंबर तक ही थी अनुमति : एसडीओ
इस संबंध में एसडीओ ने स्पष्ट किया कि जन्माष्टमी पूजा के लिए केवल चार और पांच सितंबर को कार्यक्रम की अनुमति दी गयी थी.
ये भी पढ़ें: लावालौंग में 41 लाख का डोडा बरामद, घर मालिक समेत दो पर केस
