गिद्धौर. चतरा के गिद्धौर प्रखंड के द्वारी स्थित तिलैया मैदान में शनिवार को पंचायत स्तरीय एक दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया. टूर्नामेंट का आयोजन मुखिया जगदीश यादव ने किया. उद्घाटन जिप सदस्य प्रतिनिधि बालेश्वर यादव, मुखिया जगदीश यादव, शंभु राणा समेत अन्य अतिथियों ने फीता काटकर और किक मारकर किया. टूर्नामेंट की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई. इसके बाद अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया.
पहला मैच द्वारी ए और द्वारी सागर क्लब के बीच खेला गया, जिसमें द्वारी सागर क्लब की टीम विजयी रही. मुखिया जगदीश यादव ने कहा कि पंचायत के विभिन्न गांवों में प्रतिभावान खिलाड़ियों की कमी नहीं है. जरूरत है कि उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाये, ताकि वे अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ा सकें.
उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट में छह टीमें भाग ले रही हैं. बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन कर पंचायत स्तर पर एक टीम बनायी जायेगी. मुखिया ने पंचायत की सभी टीमों को जर्सी भी उपलब्ध करायी.
मौके पर रविंद्र सिंह भोगता, अर्जुन यादव, भोला सिंह भोगता, पिंटू गुप्ता, रंजीत भोगता समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
