टंडवा. विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार एनटीपीसी नॉर्थ करणपुरा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट में स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान का शुभारंभ किया गया. यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा.
अभियान की शुरुआत सेवा भवन में आयोजित स्वच्छता शपथ ग्रहण समारोह से हुई. इस अवसर पर एनटीपीसी नॉर्थ करणपुरा के कर्मचारियों एवं संबंधित कर्मियों को एचओपी मनीष खेत्रपाल ने स्वच्छता की शपथ दिलायी.
अभियान के तहत स्वच्छता, साफ-सफाई एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा. एनटीपीसी नॉर्थ करणपुरा परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में होने वाली इन गतिविधियों में कर्मचारियों एवं हितधारकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी.
स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है. मौके पर अजय केरहलकर, आलोक कुमार, दीपक दलई समेत कई लोग उपस्थित थे.
