मयूरहंड. प्रखंड क्षेत्र में पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बनने लगी है. लगातार बारिश के कारण चोरिया गांव निवासी सुगिया देवी का मिट्टी का घर अचानक ध्वस्त हो गया. घर गिरने से परिवार के सामने रहने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गयी है.
वहीं खाना पकाने, सोने और अन्य घरेलू कार्यों के लिए भी परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. गनीमत रही कि घर गिरने के समय परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर थे, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई. घर क्षतिग्रस्त होने के बाद परिवार को दूसरे स्थान पर रहने की व्यवस्था करनी पड़ी है.
पीड़ित परिवार ने बताया कि बारिश के कारण घर की मिट्टी की दीवारें कमजोर हो गयी थीं, जिसके बाद पूरा घर गिर गया. सुगिया देवी ने अंचल कार्यालय में लिखित आवेदन देकर मामले की जानकारी दी है. साथ ही प्रशासन से क्षतिपूर्ति राशि उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि परिवार को राहत मिल सके.
ये भी पढ़ें: मयूरहंड में बारिश से पुल का एप्रोच पथ धंसा, एक दर्जन से अधिक गांवों का आवागमन प्रभावित
ये भी पढ़ें: चतरा में दो बाइकों की टक्कर में युवक की मौत, परिवार में मातम
