चतरा से मो तसलीम की रिपोर्ट
Chatra Crime News: चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र के लमटा पंचायत स्थित लीलाजन नदी के पास जंगल से सोमवार की देर शाम एक युवक-युवती का शव संदिग्ध स्थिति में बरामद हुआ है. शवों में लड़की की पहचान चतरा सदर थाना क्षेत्र के टीकर गांव निवासी और लड़के की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के पांडेयमहुआ (राजा चक) निवासी के रूप में हुई है. बताया जाता है कि दोनों युवक-युवती की अगले महीने शादी होने वाली थी.
चतरा के सदर थाने में सनहा दर्ज
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, युवक-युवती बीते शुक्रवार को घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे. काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला. युवती के परिजनों ने सदर थाना में आवेदन देकर गुमशुदगी का सनहा दर्ज कराया था. सोमवार को चरवाहों ने जंगल से तेज दुर्गंध आने पर मौके पर जाकर देखा, तो दोनों के शव फंदे से लटके मिले. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. मंगलवार को पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया.
परिजनों को हत्या की आशंका
लावालौंग थाना प्रभारी प्रशांत कुमार मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा. घटना से दोनों परिवारों में मातम पसरा है. गांव में भी शोक और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल है. पुलिस ने मामले की सघन छानबीन शुरू कर दी है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट करने का दावा किया है. परिजनों ने दोनों की हत्या कर शवों को लटकाने की आशंका जताई है. पुलिस प्रशासन से मामले की सही से जांच कर खुलासा करने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: सरायकेला के मुरुमडीह में बाइक सवार ने खड़े ट्रक से मारी टक्कर, हालत गंभीर
घटनास्थल से बाइक और सामान बरामद
घटनास्थल से चार पैकेट जहर की गोलियां, एक कोल्ड ड्रिंक की बोतल और लड़के की मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है. घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूरी पर हैंडल लॉक बाइक मिली. घटना के पीछे स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पा रहा है. पुलिस हरेक पहलू पर जांच कर रही हैं.
इसे भी पढ़ें: बोकारो के दुगदा में ग्राम रक्षा दल के गार्ड पर चाकू से हमला, धनबाद के एसएनएमएमसीएच में इलाज
