चतरा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 लाख के अफीम और डोडा सहित मादक पदार्थ जब्त

Chatra News: चतरा के कुंदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर करीब 50 लाख रुपये के अफीम, डोडा और पोस्ता दाना जब्त किया. तस्कर मौके से फरार हो गए हैं. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

चतरा से दीनबंधू और मो तसलीम की रिपोर्ट

Chatra News: चतरा जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किया है. कुंदा थाना क्षेत्र के बटुकुईया गांव में छापेमारी कर पुलिस ने करीब 50 लाख रुपये मूल्य के अफीम, डोडा और अन्य सामान बरामद किए. हालांकि, इस दौरान तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे.

गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी

एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बटुकुईया गांव निवासी ज्ञानी गंझु के घर में अवैध रूप से अफीम और डोडा रखा गया है. सूचना के आधार पर सिमरिया एसडीपीओ शुभम कुमार खंडेलवाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित स्थान पर छापेमारी की.

भारी मात्रा में अफीम और डोडा बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 840 ग्राम अफीम, 17 बोरा में बंद करीब 315 किलो अफीम का डोडा और 35 किलो पोस्ता दाना बरामद किया. इसके अलावा एक मोटर पंप, दो सेक्शन पाइप, फीता पाइप का एक बंडल और एक कीटनाशक स्प्रे मशीन भी जब्त की गई. बरामद सामग्री से यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी पोस्ता की खेती कर उससे मादक पदार्थ तैयार कर रहे थे.

फरार तस्की की तलाश जारी

पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए. हालांकि, पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ कुंदा थाना कांड संख्या 22/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है. एसपी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है.

पुलिस ने दी सख्त चेतावनी

एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. उन्होंने चेतावनी दी कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस ऐसे तत्वों पर कड़ी नजर रख रही है.

संगठित टीम ने निभाई अहम भूमिका

इस कार्रवाई में सिमरिया एसडीपीओ के अलावा कुंदा थाना प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह, एनडीपीएस थाना प्रभारी शमी अंसारी, एसआई श्रीकांत पांडेय और आरक्षी रोहित कुमार सिंह सहित कई पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही. टीम के समन्वय और त्वरित कार्रवाई से यह बड़ी सफलता हासिल हुई.

इलाके में बढ़ी सतर्कता

इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें. इससे नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने में मदद मिलेगी.

इसे भी पढ़ें: ‘खरसावां गोलीकांड’ की घटना पर बनने वाली फिल्म की मई से शुरू होगी शूटिंग, 1 जनवरी 2027 को रिलीज

नशा मुक्त समाज की दिशा में कदम

यह कार्रवाई नशा मुक्त समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है. पुलिस की इस सख्ती से यह संदेश गया है कि अवैध मादक पदार्थों का कारोबार करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई होती रहेगी.

इसे भी पढ़ें: पतरातू के डाडीडीह तालाब में घाट होगा निर्माण, किया गया शिलान्यास

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >