कान्हाचट्टी (चतरा): राजपुर थाना क्षेत्र स्थित रामनगर हाई स्कूल में गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोरों ने विद्यालय के एक कमरे का ताला तोड़कर सीसीटीवी सेट, साउंड सिस्टम, प्रोजेक्टर, पांच कंप्यूटर सेट सहित अन्य सामान चोरी कर लिया.
शुक्रवार की सुबह विद्यालय पहुंचे प्रधानाध्यापक और अन्य शिक्षकों ने कमरे का ताला टूटा और दरवाजा खुला देखा. इसके बाद घटना की सूचना राजपुर थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रूपेश कुमार पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी ली. थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
