अलग-अलग घटना में चार लोगों की मौत, दो घायल

घटना गिद्धौर, सिमरिया, पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र में घटी

चतरा. जिले में होली के दौरान अलग-अलग घटना में चार लोगों की मौत हो गयी. घटना गिद्धौर, सिमरिया, पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र में घटी. सिमरिया व पत्थलगड्डा में सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गयी. जबकि गिद्धौर में होलिका दहन के लिए लकड़ी लाने जा रहे ट्रैक्टर के पलट जाने से एक युवक की मौत हो गयी, वहीं दो लोग घायल हो गये. एक अन्य घटना में एक युवक की मौत होली खेलने के दौरान हो गयी. इस तरह होली की खुशी गम में बदल गया. पत्थलगड्डा. प्रखंड कार्यालय के समीप बुधवार को वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार पत्थलगड्डा गांव निवासी 32 वर्षीय संतोष दांगी (पिता जगदीश दांगी) की मौत हो गयी. घटना की सूचना पाकर थाना प्रभारी राकेश कुमार दल बल के साथ पहुंचे और शव को कब्जे में लिया. सदर अस्पताल चतरा में पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया. संतोष बाइक से पत्थलगड्डा से नये घर दानापुर जा रहा था. इस दौरान किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी. घटना की सूचना पाकर परिजन व ग्रामीण पहुंचे. वह घर का इकलौता कमाने वाला था. मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मृतक के आश्रित को उचित मुआवजा देने की मांग की. सिमरिया. बगरा-सिमरिया पथ स्थित मानत नदी पुल के पास बुधवार की शाम सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गयी, जिसकी पहचान हुंकारखाप निवासी 24 वर्षीय विजय गंझू (पिता कमलेश गंझू) के रूप हुई. वह दोस्त के घर होली खेलने बालूमाथ के गोनिया जा रहा था. इस दौरान पुल के पास बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गयी. ग्रामीणों की मदद से उसे रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया. गिद्धौर. होलिका दहन के लिए लकड़ी लाने जा रहा ट्रैक्टर जपुआ आहर के समीप पलट गया, जिससे उसपर सवार सिमरटोला निवासी 38 वर्षीय गौतम कुमार दांगी (पिता प्रकाश दांगी) की मौत हो गयी. वह ट्रैक्टर के नीचे दब गया, जबकि घटना में ट्रैक्टर पर बैठे ऊपर टोला निवासी भागेश्वर दांगी व प्रकाश दांगी घायल हो गये. दोनों घायलों को इलाज के लिए हजारीबाग भेजा गया है. दूसरी घटना बरटा गांव में हुई, जहां होली के दौरान युवकों की टोली में झूम रहे राजपुर थाना क्षेत्र के पांडेयटांड़ गांव निवासी डबलू भुईयां (40) की अचानक मौत हो गयी. बताया जा रहा है कि उसे हार्ट अटैक आया और उसकी मौत हो गयी. वह ससुराल बरटा में ही रहता था. इसके अलावा द्वारी गांव में होली के दौरान मारपीट की हुई घटना में कई लोग घायल हो गये. घायलों का इलाज सदर अस्पताल हजारीबाग में चल रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Deepesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >