स्टोरेज में जमा आलू नहीं मिलने से किसान आक्रोशित

सदर प्रखंड के तपेज स्थित गंगा कोल्ड स्टोरेज के बाहर मंगलवार को किसानों ने विरोध-प्रदर्शन किया.

चतरा. सदर प्रखंड के तपेज स्थित गंगा कोल्ड स्टोरेज के बाहर मंगलवार को किसानों ने विरोध-प्रदर्शन किया. किसानों का कहना था कि स्टोरेज में जमा आलू उन्हें नहीं दिया जा रहा है. टाल-मटोल के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है. किसान मंगलवार को भी आलू लेने के लिए कोल्ड स्टोरेज पहुंचे थे, लेकिन स्टोरेज बंद देख आक्रोशित हो गये. इसके बाद उपायुक्त को आवेदन देकर स्टोरेज से आलू नहीं मिलने की शिकायत की. बताया गया कि आलू को बीज व खाने के लिए रखा गया था. लेकिन स्टोरेज संचालक की ओर से आलू नहीं दिया जा रहा है. दो माह से टाल-मटोल किया जा रहा है. किसानों ने कहा कि साल भर की मेहनत से पैदा किया गया आलू कोल्ड स्टोरेज में रखा था, ताकि लंबे समय तक सुरक्षित रह सके. बेहतर दाम मिलने पर वह बेच सके. गिद्धौर गांव के रामसेवक दांगी ने कहा कि 11 अप्रैल 2025 को कोल्ड स्टोरेज में आठ क्विंटल (16 बोरा) आलू जमा किया था. स्टोरेज में आलू रखने के लिए लगभग 2800 रुपये जमा भी किया था. लेकिन दो माह से अपना आलू के लिए भटकना पड़ रहा है. इटखोरी प्रखंड के पीतिज के रंजीत शर्मा ने कहा कि पांच मई को दो बोरा आलू जमा किया था. तुड़ाग गांव निवासी अशोक कुमार ठाकुर ने कहा कि 10 अप्रैल को दो बोरा व भगवान दास मुहल्ला के दिलीप कुमार ने तीन मई को दो बोरा आलू स्टोरेज में जमा किया था. इसके अलावा अन्य किसानों ने भी आलू जमा किया है, जो वापस लेने के लिए भटक रहे हैं.वहीं कोल्ड स्टोरेज के इंचार्ज संदीप कुमार गुप्ता ने कहा कि अगस्त-सितंबर माह में स्टोरेज में रखा आलू खराब हो गया था. इसके बाद दूसरे जगहों से लाकर किसानों को आलू उपलब्ध कराया गया. कुछ किसानों को और देना हैं, जो चार-पांच दिनों में दे दिया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ANUJ SINGH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >