जोरी. राजकीय मध्य विद्यालय बसरिया की भूमि पर स्थानीय लोगों द्वारा अतिक्रमण किये जाने से विद्यालय विकास कार्य ठप पड़े हैं. ग्रामीणों ने उपायुक्त को आवेदन देकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है. तीन माह पूर्व भी ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग व सीओ को आवेदन दिया था. बताया गया कि समाजसेवी स्व. नारायण पाठक ने एक एकड़ जमीन लोअर प्राइमरी स्कूल के लिए मौखिक रूप से दान दी थी और ग्रामीणों के साथ सादे कागज पर हस्ताक्षर भी किये गये थे, किंतु स्थायी निबंधन नहीं हो सका. विद्यालय प्रबंधन के अध्यक्ष कमलेश साहू व सचिव मोहन मेहता ने कहा कि पूर्व आवेदन पर सीओ ने अमीन से भूमि का निरीक्षण कराया था. विद्यालय की बाउंड्री के लिए विधायक द्वारा उपलब्ध करायी गयी राशि अब लैप्स होने की स्थिति में है. विद्यालय का चयन पीएम श्री विद्यालय के रूप में हुआ है, लेकिन भूमि विवाद के कारण बच्चों के खेलकूद मैदान और भवन निर्माण संभव नहीं हो पा रहा है. ग्रामीणों ने कहा कि यदि भूमि अतिक्रमण मुक्त हो जाये, तो विद्यालय में खेलकूद, भवन निर्माण और अन्य योजनाएं लागू हो सकेंगी. मांग करने वालों में महेश दास, विनोद यादव, दिनेश यादव, प्रेम कुमार, अनिल कुमार यादव, उमेश कुमार भारती सहित कई अन्य शामिल हैं.
विद्यालय की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग
राजकीय मध्य विद्यालय बसरिया की भूमि पर स्थानीय लोगों द्वारा अतिक्रमण किये जाने से विद्यालय विकास कार्य ठप पड़े हैं.
