सिमरिया(चतरा). जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत देल्हो स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में सोमवार की देर रात अज्ञात चोरों ने मुख्य द्वार के ग्रिल का ताला व कुंडी तोड़कर बड़ी चोरी कर ली. चोरों ने केंद्र से इनवर्टर, बैट्री, स्टेबलाइजर, वेइंग मशीन, नेबुलाइजर, डॉपलर, डिलीवरी इंसुलेटर, ओटी लाइट और महत्वपूर्ण सरकारी रजिस्टर सहित कुल साढ़े तीन लाख रुपये मूल्य के चिकित्सा उपकरण व सामग्रियों पर हाथ साफ कर दिया.
सेंटर खोलने पहुंची सीएचओ, बिखरा मिला सामान
घटना का खुलासा मंगलवार सुबह उस वक्त हुआ जब कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) सोनी कुमारी केंद्र पहुंचीं. उन्होंने देखा कि ग्रिल का ताला और कुंडी टूटी पड़ी है तथा अंदर का सारा सामान बिखरा हुआ है. छानबीन के बाद मुख्य उपकरण गायब पाकर उन्होंने तत्काल मामले की जानकारी सिमरिया थाना पुलिस और विभागीय अधिकारियों को दी. सीएचओ के लिखित आवेदन के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.
चिकित्सा पदाधिकारी ने लिया जायजा, कार्रवाई की मांग
चोरी की सूचना मिलते ही प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बीएन प्रसाद ने आरोग्य मंदिर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और गायब हुए सामानों की विस्तृत सूची तैयार की. चिकित्सा अधिकारी एवं सीएचओ ने थाना प्रभारी से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा घटना में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद करने की मांग की है.
ये भी पढ़ें: पत्थलगड़ा के देवी मंडप में 24 घंटे का अखंड हरि कीर्तन शुरू, महामंत्र के जाप से भक्तिमय हुआ माहौल
