चतरा: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तथा दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे लोगों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग को लेकर समाहरणालय के समक्ष गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष चंद्रदेव गोप ने की. धरना के बाद राष्ट्रपति के नाम तीन सूत्री मांग पत्र उपायुक्त को सौंपा गया.
धरना को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चंद्रदेव गोप ने कहा कि केंद्र सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने में विफल रही है. उन्होंने कहा कि नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए.
उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों के साथ बर्बरतापूर्ण कार्रवाई की गयी, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है. उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर दर्ज आपराधिक मामलों को तत्काल वापस लेने की मांग की. वक्ताओं ने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे पर संसद में चर्चा की मांग कर रहा है, लेकिन केंद्र सरकार इससे बच रही है.
उनका आरोप था कि सरकार विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है तथा किसान, छात्र और गरीबों की समस्याओं की अनदेखी कर रही है. कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा. कार्यक्रम का संचालन पीके द्विवेदी ने किया.
मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष बद्रीराम, प्रमोद कुमार दुबे, गोविंद सिंह, आभा ओझा, जावेद पप्पू रजा, राजवीर, महावीर दांगी, जितेंद्र सिंह, नसरुद्दीन अंसारी, पृथ्वी गंझू, रिकुबुल इमाम, मो निसार, निशांत जायसवाल, अजीमउद्दीन ख्वाजा, सुमित सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे.
