कुंदा से धर्मेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट
Chatra Snake Incident, चतरा: चतरा जिले के कुंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंदा चौक स्थित बरवाडीह गांव से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां बुधन भारती नामक एक युवक ने दो जहरीले सांपों को खुद से पकड़कर ग्रामीणों के सामने ही मुंह में चबा-चबा कर खा लिया. इस खौफनाक दृश्य को देखकर आसपास के लोगों के होश उड़ गए और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. हालांकि, गनीमत यह रही कि इस जानलेवा हरकत के बाद भी युवक को फिलहाल किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचा है.
परिजनों में मची चीख-पुकार
जैसे ही इस अजीबोगरीब और जानलेवा घटना की भनक युवक के परिजनों को लगी, घर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई. किसी अनहोनी की आशंका से घबराए परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय कुंदा मुखिया मनोज कुमार साहू को दी. घटना के बारे में सुनकर मुखिया भी अचंभित रह गए. उन्होंने बिना समय गंवाए तत्परता दिखाई और अपने निजी खर्च से वाहन की व्यवस्था कर युवक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) प्रतापपुर भिजवाया.
डॉक्टर की निगरानी में युवक, हालत खतरे से बाहर
प्रतापपुर CHC में मौजूद चिकित्सा प्रभारी डॉ. कुमार संजीव ने तत्परता से युवक का प्राथमिक उपचार किया और उसकी सेहत की बारीकी से जांच की. डॉ. संजीव ने परिजनों को ढाढस बंधाते हुए कहा कि घबराने की कोई बात नहीं है, बुधन फिलहाल पूरी तरह स्वस्थ है और खतरे से बाहर है. हालांकि, ऐहतियात के तौर पर और डॉक्टरों की सख्त निगरानी में उसे घर पर आराम करने की सलाह दी गई है.
बुधन ने किया हैरान करने वाला दावा
जब इस पूरी घटना को लेकर स्थानीय संवाददाता ने युवक बुधन भारती से बात की, तो उसका जवाब और भी चौंकाने वाला था. युवक ने अजीबोगरीब बयान देते हुए कहा कि लोगों के मन से सांप का डर निकालने के लिए मैंने कई ग्रामीणों के सामने सांप को खाया. मैंने सुना है कि कई देशों में लोग शौक से सांप खाते हैं, बस यही सुनकर मैंने भी इसे शौक-शौक में खा लिया. युवक भले ही खुद को ठीक बता रहा हो और डॉक्टरों ने भी उसे खतरे से बाहर घोषित कर दिया है, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों के मन से डर का साया नहीं हटा है. लोग अब भी किसी अनहोनी की आशंका से डरे और सहमे हुए हैं.
