प्रतापपुर (चतरा): बरूरा पंचायत के नारायणपुर गांव निवासी मजदूर अनिल कुमार भारती (35) की मंगलवार को आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा स्थित टुनी स्टेशन के समीप ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
दस दिन पहले मजदूरी करने गया था आंध्र प्रदेश
जानकारी के अनुसार अनिल भारती करीब दस दिन पहले मजदूरी करने आंध्र प्रदेश गया था. वह वहां रहकर मजदूरी करता था. मंगलवार दोपहर मजदूरी करने के बाद लौट रहा था. इसी दौरान टुनी स्टेशन पार करने के दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
ये भी पढ़ें- दिन में चूना डालने से मछलियों को होता है नुकसान: वैज्ञानिक
शव गांव लाने की परिजनों ने लगायी गुहार
घटना के बाद परिजनों ने जिला प्रशासन, सांसद, विधायक और राज्य सरकार से अनिल भारती का शव गांव लाने की गुहार लगायी है. पत्नी सरिता देवी ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति काफी दयनीय है. परिवार के भरण-पोषण के लिए ही उनके पति आंध्र प्रदेश में मजदूरी करने गये थे.
बच्चों की शिक्षा और मुआवजे की मांग
पत्नी और अन्य परिजनों ने सरकार से बच्चों की अच्छी शिक्षा की व्यवस्था कराने और परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है.
