सिमरिया. चतरा हाइवा छोड़ो आंदोलन पांचवें दिन गुरुवार को भी जारी रहा. धरना स्थल पर सीओ गौरव कुमार राय की अध्यक्षता में सिमरिया व टंडवा के जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों के साथ बैठक हुई. बैठक में फ्लाई ऐश व कोल परिवहन, सड़क सुरक्षा तथा परिवहन के निर्धारित मानकों के पालन समेत 13 मांगों पर चर्चा की गयी. बैठक में एनटीपीसी द्वारा बनाये गये नये ट्रांसपोर्टिंग मार्ग पकरी-बरवाडीह से हजारीबाग, शिला, पीरी, सिमरिया होते हुए टंडवा प्लांट तक हो रही कोल ढुलाई को अविलंब बंद करने की मांग उठी. इस पर वार्ता के बाद निर्णय लेकर समाधान का आश्वासन दिया गया.
वहीं केरेडारी मार्ग पर चट्टी बारियातू कोल माइंस से कटकमसांडी रेलवे साइडिंग तक घनी आबादी के बीच से हो रही कोल ढुलाई को बंद करने की मांग पर भी यथोचित समाधान का निर्णय लिया गया. फ्लाई ऐश परिवहन के लिए एनटीपीसी टंडवा द्वारा इस्तेमाल किये जा रहे 18/20 चक्का टिप ट्रेलर को अविलंब हटाने की मांग की गयी.
इसके अलावा सीसीएल व एनटीपीसी के कोल परिवहन से होने वाली दुर्घटनाओं में मृतकों के आश्रितों को 25 लाख रुपये मुआवजा और घायलों के संपूर्ण इलाज की व्यवस्था के लिए मुआवजा नीति बनाने की मांग रखी गयी. नियमावली बनने तक सभी तरह के कोल परिवहन को निलंबित करने पर भी चर्चा हुई.
बैठक में टंडवा से सिमरिया और चतरा से गिद्धौर तक सभी ट्रांसपोर्टिंग मार्गों पर रोड स्वीपर नियुक्त करने तथा सफाईकर्मियों की बहाली की मांग पर भी सहमति बनी. एनटीपीसी द्वारा कन्वेयर बेल्ट से कोल परिवहन का कार्य शुरू किये जाने की जानकारी दी गयी. इससे प्रतिदिन करीब 300 से 400 वाहनों का लोड कम होने की बात कही गयी. चौक-चौराहों पर सुरक्षा प्रहरी या गार्ड की बहाली की मांग भी रखी गयी.
गोपदा टीएलएस सड़क को लेकर भी चर्चा हुई. गोपदा टीएलएस से स्टेट हाइवे तक बन रही सड़क को चतरा की ओर नहीं जोड़कर बड़कागांव-जुगरा-चापा होते हुए एनएच-100 से जोड़ने के लिए प्रशासनिक कार्रवाई करने की मांग की गयी. धरना का नेतृत्व कर रहे मनोज चंद्रा ने कहा कि जब तक सभी मांगों को पूरा नहीं किया जाता, आंदोलन जारी रहेगा. बैठक में जिप सदस्य देवनंदन साहू, झामुमो जिला सचिव चंद्रदेव प्रसाद, रमन कुमार साहू, भूपेंद्र ठाकुर, मालेश्वर साहू, श्याम सुंदर साहू समेत संघर्ष समिति के सदस्य और कई ग्रामीण उपस्थित थे.
