चतरा: शहर की एकमात्र बाईपास सड़क इन दिनों पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो गई है. बस स्टैंड से हेरू पुल तक सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं. इसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. यात्रियों के साथ बाइक सवारों, यात्री बसों और कोयला लदे हाइवा चालकों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सड़क की स्थिति को देखते हुए हमेशा बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
कोयला लदे हाइवा के परिचालन से सड़क क्षतिग्रस्त
नगवां और देवरिया के ग्रामीणों का कहना है कि कोयला लदे हाइवा के लगातार परिचालन के कारण सड़क की स्थिति खराब हुई है. इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में कोयला लदे हाइवा गुजरते हैं. टंडवा के मगध, अम्रपाली और बड़कागांव के पकरी बरवाडीह से कोयला लेकर हाइवा कटकमसांडी रेलवे साइडिंग तक आते-जाते हैं.
सड़क पर प्रबील ठाकुर के घर के पास, दुर्गा मंदिर, देवरिया पुराना पंचायत भवन, दुबे लॉज और गैस एजेंसी समेत कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं. बरसात के दिनों में इन गड्ढों में पानी भर जाता है. इससे बाहर से आने वाले बाइक सवारों को गड्ढों का अंदाजा नहीं हो पाता और वे गिरकर घायल हो रहे हैं.
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति की जानकारी कई बार पथ प्रमंडल विभाग को दी गई, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसी मार्ग से प्रतिदिन जिला, सिमरिया, टंडवा, लावालौंग और पत्थलगड्डा समेत कई प्रखंडों के पदाधिकारी भी आवागमन करते हैं. ग्रामीणों ने उपायुक्त से सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है.
