तीन माह का राशन नहीं मिलने का आरोप, कार्डधारियों ने BSO का किया घेराव

हंटरगंज प्रखंड के गेरुआ पंचायत में राशन कार्डधारियों ने डीलर सविता देवी पर तीन महीने का अनाज नहीं देने का गंभीर आरोप लगाया है. कार्डधारियों ने डीलर पर बालू रखकर अंगूठा लगवाने और अभद्र व्यवहार का भी इल्जाम लगाया है.

हंटरगंंज से मो. कासिम की रिपोर्ट

हंटरगंज. प्रखंड के गेरुआ पंचायत के बड़ी बीघा के दर्जनों राशन कार्डधारियों ने डीलर सविता देवी पर तीन माह का अनाज नहीं देने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी संतोष वर्मा का घेराव किया. कार्डधारियों ने इस दौरान जमकर विरोध जताया.

बालू रखकर अंगूठा लगवाने का आरोप

राशन कार्डधारी चंपा देवी, रंजू देवी, बतासिया देवी, गोदावरी देवी, जिरवा देवी, पानवा देवी, पुलवा देवी, फुलवा देवी और सोहरी देवी ने आरोप लगाया कि डीलर तराजू पर बालू रखकर उनका अंगूठा लगवा लेती हैं और बाद में राशन लेने आने की बात कहती हैं. दोबारा राशन मांगने जाने पर अनाज नहीं दिया जाता है. कार्डधारियों ने डीलर पर अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करने का भी आरोप लगाया.

कार्डधारियों का कहना है कि तीन माह का अनाज नहीं मिलने के कारण उनके घरों में भुखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो गयी है. वहीं सुंदर भारती ने आरोप लगाया कि अनाज मांगने जाने पर डीलर ने लाठी से मारकर उसे घायल कर दिया.

बुधवार को गांव पहुंचकर होगी जांच

मामले को लेकर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी संतोष वर्मा ने कार्डधारियों को आश्वासन दिया कि बुधवार को गांव पहुंचकर मामले की जांच करेंगे. उन्होंने कहा कि जांच में डीलर दोषी पायी गयीं तो तत्काल कार्रवाई की जायेगी. इसके बाद ग्रामीण वापस लौट गये.

डीलर ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

इधर, डीलर सविता देवी ने कार्डधारियों के आरोपों को बेबुनियाद बताया. उन्होंने कहा कि उनके द्वारा सभी राशन कार्डधारियों को अनाज का वितरण कर दिया गया है, जिसे ऑनलाइन भी देखा जा सकता है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अपूर्व कुमार शुक्ला

अपूर्व कुमार शुक्ला युवा पत्रकार हैं. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स और नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय,पलामू से बैचलर इन बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन की डिग्री हासिल की है. पत्रकारिता से पहले वे करीब एक दशक तक सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी से जुड़े रहे, इस दौरान भारतीय और विशेष रूप से झारखंड के सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और नीतिगत विषयों का गहन अध्ययन किया. पत्रकारिता की शुरुआत खबर मंत्र संस्थान में रिपोर्टर के रूप में की, जहां झारखंड के प्रमुख नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और एक्टिविस्ट के साक्षात्कार किए. वर्तमान में प्रभात खबर में खबर लेखन और संपादन से जुड़े हैं. उनकी पत्रकारिता जनसरोकार, तथ्यपरकता और मुद्दों की गहराई पर केंद्रित है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >