अतिक्रमण और जाम के बीच गयी महिला की जान

हंटरगंज बाजार में गुरुवार को जाम एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ.

प्रतिनिधि, हंटरगंज.

हंटरगंज बाजार में गुरुवार को जाम एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ. जावादोहर गांव की रहने वाली 60 वर्षीय कोशिला देवी, जिन्हें गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया जा रहा था, रास्ते में जाम में फंसने के कारण एंबुलेंस में ही दम तोड़ बैठी. एंबुलेंस चालक विनोद कुमार ने बताया कि कोशिला देवी की तबीयत अचानक बिगड़ गयी थी. सूचना पर उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन हंटरगंज बाजार में करीब एक घंटे तक एंबुलेंस जाम में फंसी रही. जब तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. डॉ केके साहा ने महिला को मृत घोषित किया. मृतका के परिजनों ने कहा कि अगर रास्ता साफ होता और समय पर अस्पताल पहुंचा दिया जाता, तो कोशिला देवी की जान बच सकती थी. घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.

दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने की चेतावनी

घटना के बाद थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने हंटरगंज बाजार में अतिक्रमण करनेवाले दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क पर सामान रखने, एसबेस्टर लगाने और अवैध ढंग से दुकान फैलाने के कारण सड़क संकीर्ण हो गयी है, जिससे आये दिन जाम की स्थिति बन रही है. प्रभात कुमार ने कहा कि चतरा-डोभी पथ से रोजाना सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं. अगर दुकानदारों ने सड़क से अतिक्रमण नहीं हटाया, तो कड़ी कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे सार्वजनिक मार्गों को खाली रखें, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाएं न हों.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Deepak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >