:सिमरिया-हजारीबाग मुख्य पथ पर बानासाड़ी गांव के समीप सड़क हादसा सिमरिया. सिमरिया-हजारीबाग एनएच-100 मुख्य पथ पर बानासाड़ी गांव के समीप मंगलवार देर रात कोल वाहन हाइवा (जेएच02बीएस-2091) की चपेट में आने से बारात में आये एक युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान हजारीबाग जिले के खपरियावां गांव निवासी अजय कुमार साव (40), पिता दशरथ साव के रूप में हुई. घटना के बाद गुस्साये लोग सड़क पर उतर आये और रात करीब एक बजे से सिमरिया-हजारीबाग पथ जाम कर नारेबाजी शुरू कर दी. सूचना मिलने पर बीडीओ चंद्रदेव प्रसाद व थाना प्रभारी सूर्यप्रताप सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया. लोग पीड़ित परिवार को 11 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे. बाद में ट्रांसपोर्टर द्वारा साढ़े आठ लाख रुपये मुआवजा देने व सरकारी प्रावधान के तहत अन्य लाभ दिलाने के आश्वासन के बाद बुधवार को दिन 11.30 बजे जाम हटाया गया. करीब 10.30 घंटे तक सड़क जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. जाम हटने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया. जानकारी के अनुसार अजय कुमार साव अपने रिश्तेदार सुरेश साव के पुत्र की शादी में बानासाड़ी गांव निवासी दिनेश साहू के घर बारात में आये थे. बारात में शामिल लोग नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे. इसी दौरान बड़कागांव के पकरी बरवाडीह से कोयला लोड कर सिमरिया की ओर आ रहे हाइवा ने अजय को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गयी. शादी का माहौल मातम में बदला घटना के बाद शादी का माहौल मातम में बदल गया. सूचना मिलने पर मृतक की पत्नी नीतू देवी, बच्चे व अन्य परिजन मौके पर पहुंचे और शव देखकर दहाड़ मारकर रोने लगे. बताया गया कि अजय मजदूरी करता था और अपने पीछे दो बेटियां व एक बेटा छोड़ गया है. मृतक की पत्नी ने थाना में आवेदन देकर वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. जाम के दौरान वार्ता में जिप सदस्य देवनंदन साहू, मुखिया पार्वती देवी, विनोद महतो, करम साहू, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष रमन कुमार साहू समेत कई लोग शामिल थे. कोल वाहन नहीं रुके, तो होगा आंदोलन : मनोज झामुमो नेता मनोज चंद्रा ने कहा कि बड़कागांव के पकरी बरवाडीह से सिमरिया होकर टंडवा एनटीपीसी जाने वाले कोल वाहनों का परिचालन नहीं रोका गया, तो आंदोलन किया जायेगा. उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोग जान गंवा रहे हैं. श्री चंद्रा ने कहा कि बड़कागांव से टंडवा की दूरी मात्र 20 किमी है. हजारीबाग प्रशासन अपने क्षेत्र में कोयला ढुलाई नहीं करने दे रहा है. चतरा जिला होकर कोयला की ढुलाई की जा रही है. उन्होंने उपायुक्त से उक्त पथ से कोयले की ढुलाई पर रोक लगाने की मांग की है.
हाइवा की चपेट में आने से बाराती की मौत, विरोध में 10.30 घंटे रोड जाम
सिमरिया-हजारीबाग मुख्य पथ पर बानासाड़ी गांव के समीप सड़क हादसा
