चतरा से दीनबंधू और मो तसलीम की रिपोर्ट
Chatra News: झारखंड के चतरा जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. कुंदा थाना क्षेत्र के टिटही भरगांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए भारी मात्रा में गीला अफीम बरामद किया है. इस कार्रवाई में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जो अपने घर से ही नशे का अवैध कारोबार संचालित कर रहा था. पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है.
गुप्त सूचना पर एसडीपीओ के नेतृत्व में बनी टीम
पुलिस अधीक्षक अनिमेश नैथानी ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि टिटही भरगांव निवासी नंदकिशोर गंझू अपने घर में अवैध अफीम छिपाकर रखे हुए है और इसे बाहर सप्लाई करने की तैयारी में है. सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया, नागरगोजे शुभम भाऊ साहब के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर पर छापा मारा और पूरे परिसर की सघन तलाशी ली.
3 किलो 264 ग्राम गीला अफीम बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस को घर से 3 किलो 264 ग्राम गीला अफीम बरामद हुआ. पुलिस ने मौके से ही आरोपी नंदकिशोर गंझू को गिरफ्तार कर लिया. बरामद अफीम को जब्त कर लिया गया है और आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. इस कार्रवाई में कुंदा थाना प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह, एसआई नागेश्वर पंडित समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान जारी
एसपी ने बताया कि जब्त किए गए अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 16 लाख रुपये आंकी गई है. उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान की बड़ी उपलब्धि है. लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से तस्करों के हौसले पस्त हो रहे हैं.
तस्करों के नेटवर्क पर भी होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि चतरा जिले में तस्करों के लिए कोई जगह नहीं है. उन्होंने चेतावनी दी कि अफीम की खेती, भंडारण या तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस केवल तस्करों को पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके पूरे नेटवर्क और आर्थिक स्रोतों को भी खत्म करने की दिशा में काम कर रही है.
इसे भी पढ़ें: रांची में पुलिस मुठभेड़: जमीन कारोबारी भार्गव सिंह का हत्यारा सत्यम पाठक ढेर होते-होते बचा
ड्रग-फ्री चतरा के संकल्प की ओर बढ़ते कदम
एसपी ने कहा कि लगातार चलाया जा रहा यह अभियान “ड्रग-फ्री चतरा” के संकल्प को दर्शाता है. पुलिस प्रोफेशनल तरीके से काम कर रही है और इसी का परिणाम है कि एक के बाद एक सफलताएं मिल रही हैं. उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि वे नशे के खिलाफ इस मुहिम में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में दूसरे विश्व युद्ध का दूसरा 227 किलो का बम भी डिफ्यूज, स्वर्णरेखा नदी के किनारे किया गया विस्फोट
