सिमरिया. लावालौंग पुलिस ने रविवार को सतीटांड़ गांव से मरगड्डा जाने वाली सड़क के किनारे एक सुनसान मिट्टी के घर से भारी मात्रा में डोडा बरामद किया. पुलिस ने 15 बोरों में रखा कुल 272.750 किलोग्राम डोडा जब्त किया है. एनसीबी के अनुसार, जब्त डोडा की कीमत करीब 41 लाख रुपये है. इसकी जानकारी चतरा एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने सोमवार को अनुमंडल पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस काफ्रेंस में दी.
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को सूचना मिली थी कि लावालौंग थाना क्षेत्र के सतीटांड़ गांव से मरगड्डा की ओर जाने वाली सड़क के किनारे सुनसान क्षेत्र में स्थित एक मिट्टी के घर में भारी मात्रा में डोडा छिपाकर रखा गया है. सूचना के सत्यापन के बाद छापामारी टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान पर छापामारी की और घर से 15 बोरों में रखा 272.750 किलोग्राम डोडा बरामद किया.
इस मामले में लावालौंग थाना कांड संख्या 67/26 के तहत दो लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. इनमें घर का मालिक और एक तस्कर शामिल है. दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अभियान चला रही है. एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने कहा कि पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है.
इस दौरान पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है. उन्होंने आम लोगों से अफीम, डोडा, ब्राउन शुगर समेत अन्य मादक पदार्थों की तस्करी और इसमें संलिप्त लोगों की जानकारी पुलिस को देने की अपील की. छापामारी टीम में लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विधायक यादव समेत जिला बल के जवान शामिल थे.
