लावालौंग (चतरा). थाना क्षेत्र की सिलदाग पंचायत अंतर्गत पचपतवा गांव निवासी 19 वर्षीय मुनिता कुमारी की इलाज के दौरान मौत हो गयी. परिजनों ने निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान लापरवाही का आरोप लगाया है. घटना के बाद प्रशासन ने टिकुलिया स्थित रविंद्र विश्वकर्मा के निजी क्लीनिक को सील कर दिया. वहीं, चिकित्सा पदाधिकारी ने क्लीनिक संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है.
सुई और सलाइन देने के बाद बिगड़ी तबीयत
मृतका की मां पर्वतीया देवी और बहन सुनीता देवी ने बताया कि मंगलवार दोपहर मुनिता को अचानक पेट दर्द के साथ उल्टी होने लगी. इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए टिकुलिया स्थित रविंद्र विश्वकर्मा के क्लीनिक ले गये. परिजनों के अनुसार, क्लीनिक संचालक ने मुनिता को एक सुई लगाने के बाद सलाइन चढ़ाना शुरू किया.
कुछ देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गयी और वह जोर-जोर से कांपने लगी. इसके बाद वह शांत हो गयी. स्थिति गंभीर होने पर क्लीनिक संचालक ने परिजनों को उसे बाहर ले जाने की बात कही.
चतरा ले जाने के दौरान मौत का अंदेशा
परिजन निजी वाहन से मुनिता को चतरा ले जाने लगे. रास्ते में शरीर में कोई हरकत नहीं होने पर परिजनों को उसकी मौत का अंदेशा हुआ. बाद में एक निजी क्लीनिक में जांच कराने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया.
ये भी पढ़ें: झुमरी चाराडीह के राधा-कृष्ण मंदिर में दो दिवसीय श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, महाआरती और भजन संध्या का होगा आयोजन
क्लीनिक से सामान जब्त, किया गया सील
घटना की सूचना मिलने पर बीडीओ सह सीओ विपिन कुमार भारती बुधवार को पुलिस बल के साथ टिकुलिया पहुंचे. प्रशासनिक टीम ने क्लीनिक की जांच के दौरान दवाइयां, जेनरेटर, एक्स-रे मशीन, सलाइन सेट, बीपी मशीन, बैंडेज समेत अन्य सामान जब्त किया. इसके बाद क्लीनिक को सील कर दिया गया.
संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आदर्श ने लावालौंग थाना में क्लीनिक संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. सीओ और चिकित्सा पदाधिकारी ने कहा कि लोगों की जान से खिलवाड़ करने वाले निजी क्लीनिक संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.
ये भी पढ़ें: झुमरी चाराडीह के राधा-कृष्ण मंदिर में दो दिवसीय श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, महाआरती और भजन संध्या का होगा आयोजन
