बंदगांव : पश्चिमी सिंहभूम पुलिस द्वारा अपराध एवं अवैध हथियारों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कराईकेला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है.उक्त बातें चक्रधरपुर के डीएसपी डॉ सैयद मुस्तफा हासमी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही. उन्होंने कहा कि आरोपी के कब्जे से एक देसी कट्टा, एक कीपैड मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है.दिनांक 24 जुलाई 2026 की रात्रि लगभग 9:30 बजे कराईकेला थाना प्रभारी को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि कराईकेला बाजार हाट मैदान में एक संदिग्ध युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहा है.
सूचना से वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके निर्देशानुसार थाना प्रभारी प्यारे हसन के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया.पुलिस टीम द्वारा कराईकेला बाजार हाट मैदान में पहुंचकर घेराबंदी की गई. इस दौरान पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा, जिसे पीछा कर पकड़ लिया गया. पूछताछ में उसने अपना नाम बागराय नाग (19 वर्ष), पिता मुचराय नाग, निवासी लोटाबुरु, दलभंगा ओपी (कुचाई थाना), जिला सरायकेला-खरसावां बताया.व्यक्तिगत तलाशी के दौरान उसकी कमर से एक देसी कट्टा बरामद हुआ.
हथियार के संबंध में वैध लाइसेंस अथवा दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहने पर वह कोई कागजात नहीं दिखा सका. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपनी मोटरसाइकिल (संख्या JH01CG-6716) से कराईकेला बाजार एक व्यक्ति को धमकाकर पैसे वसूलने आया था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी को गिरफ्तार कर कराईकेला थाना लाया गया और उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अग्रेतर विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है.
बरामद सामग्री में एक देसी कट्टा, एक कीपैड मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल (संख्या JH01CG-6716) है. आरोपी बागराय नाग के विरुद्ध दलभंगा ओपी (कुचाई थाना) में कांड संख्या 28/2023, दिनांक 21 सितंबर 2023 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 302/201/34 में हत्या का मामला पूर्व से दर्ज है. छापामारी दल में थाना प्रभारी कराईकेला प्यारे हसन, पुलिस अवर निरीक्षक संजीत कुमार, एवं कराईकेला थाना के रिजर्व गार्ड शामिल थे.
