चाईबासा | अगर आपको पश्चिमी सिंहभूम के डीसी मनीष कुमार के नाम से फ्रेंड रिक्वेस्ट आता है तो सतर्क हो जाएं. हो सकता है कि यह कोई साइबर अपराधी हो. दरअसल, पश्चिमी सिंहभूम के डीसी मनीष कुमार के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर फर्जी प्रोफाइल बना दिया गया है. इसे जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है. साइबर सेल को जांच का जिम्मा सौंप दिया गया है. फर्जी प्रोफाइल बनाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है.
प्रशासन ने लोगों को किया अलर्ट
जिला प्रशासन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने उपायुक्त मनीष कुमार की आधिकारिक तस्वीर का गलत इस्तेमाल कर फेसबुक पर फर्जी प्रोफाइल तैयार की है. आशंका जताई गई है कि इस प्रोफाइल के जरिए लोगों को गुमराह करने, भ्रामक जानकारी फैलाने या अन्य अवांछित गतिविधियों को अंजाम दिया जा सकता है. उपायुक्त मनीष कुमार ने आम लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी फर्जी फेसबुक प्रोफाइल, मैसेज या फ्रेंड रिक्वेस्ट से सतर्क रहें. यदि किसी प्रोफाइल के माध्यम से सहायता, पैसे की मांग, निजी जानकारी या किसी तरह का अनुरोध किया जाता है तो उस पर बिल्कुल भरोसा न करें.
साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी
जिला प्रशासन ने लोगों से कहा है कि यदि किसी को इस तरह की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाना या साइबर क्राइम सेल को दें. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और लोगों से सोशल मीडिया पर सतर्कता बरतने की अपील की है.
