प्रतिनिधि, चाईबासा
पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत तांतनगर प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय गितिलादेर स्थित मतदान केंद्र संख्या-20 पर आयोजित बीएलओ, बीएलए-2 एवं चुनाव पाठशाला की बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने भाग लिया. बैठक का उद्देश्य मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाना तथा निर्वाचन प्रक्रिया में सभी संबंधित पक्षों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना रहा.
बैठक के दौरान उपायुक्त ने उपस्थित मतदाताओं, बूथ लेवल पदाधिकारियों, बूथ लेवल एजेंट-2, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं अन्य उपस्थितजनों को मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है. इसके लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना तथा अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाया जाना जरूरी है.
उपायुक्त ने कहा कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान विशेष रूप से ऐसे मतदाताओं की पहचान को प्राथमिकता दी जा रही है जो अनुपस्थित, स्थायी रूप से स्थानांतरित, मृत अथवा दोहरी प्रविष्टि वाले हैं. उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक व्यक्ति का नाम केवल एक ही विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में होना चाहिए. यदि किसी मतदाता का नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज है तो उसे नियमानुसार एक स्थान पर ही रखा जाएगा. इसी प्रकार मृत मतदाताओं के नाम भी आवश्यक प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची से हटाए जाएंगे, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध एवं अद्यतन बनी रहे.
उन्होंने कहा कि भारत की मतदाता सूची में केवल पात्र मतदाताओं का नाम शामिल होगा तथा अपात्र व्यक्तियों के नाम नियमानुसार हटाए जाएंगे. इस कार्य में बीएलओ, बीएलए-2, जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. सभी के सहयोग एवं सक्रिय भागीदारी से ही मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाया जा सकता है.
उपायुक्त ने उपस्थित मतदाताओं से अपील की कि वे अपने परिवार एवं आसपास के लोगों के मतदाता विवरण का सत्यापन अवश्य करें. यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज नहीं है तो उसका नाम जुड़वाने के लिए निर्धारित प्रपत्र भरें तथा यदि किसी मतदाता की मृत्यु हो चुकी है, वह स्थायी रूप से स्थानांतरित हो गया है अथवा उसका नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज है तो उसकी जानकारी तत्काल संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराएं. उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता का सहयोग इस अभियान की सफलता के लिए आवश्यक है.
बैठक के दौरान चुनाव पाठशाला के माध्यम से मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूची के महत्व, पुनरीक्षण अभियान की प्रक्रिया तथा विभिन्न प्रपत्रों के उपयोग के संबंध में भी जानकारी दी गयी. उपस्थित लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया. इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी तांतनगर, मतदान केंद्र के बूथ लेवल पदाधिकारी, बीएलओ सुपरवाइजर, विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए-2, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं काफी संख्या में मतदाता उपस्थित थे.
