पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. शनिवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ बहामन टुटी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि घटना में संलिप्त तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. एसडीपीओ बहामन टुटी ने बताया कि घटना अप्रैल 2026 की है. पीड़िता अपने घर में झाड़ू लगा रही थी, तभी उसे अकेला पाकर पड़ोसी टोले के तीन युवकों ने घर में घुसकर दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और उसके साथ जबरन सामूहिक दुष्कर्म किया. वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर झींकपानी थाना प्रभारी राजकुमार जेयराजू और एसडीपीओ बहामन टुटी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था. पुलिस ने तकनीकी शाखा के सहयोग से त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों ने पुलिस के समक्ष अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. उनकी निशानदेही पर घटना के समय पहने हुए कपड़े भी बरामद कर जब्त कर लिए गए हैं. जांच में यह बात सामने आयी कि तीनों आरोपी पीड़िता के घर के बगल में ही मजदूरी का काम कर रहे थे. उन्होंने पीड़िता को घर में अकेला देख इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया. पकड़े गए आरोपी झींकपानी थाना क्षेत्र के कुदापी गांव (मटकमहातु टोला) के रहने वाले हैं. आरोपियों में डुगुद बुड़उली उर्फ कोंदा (20), सिदिऊ मुंडरी उर्फ कोंका (26), मंडरू उर्फ जांबीरा गोप (30 वर्ष) शामिल है.