जगन्नाथपुर : जगन्नाथपुर थानांतर्गत शिव मंदिर टोला में सोमवार को दो पड़ोसी परिवारों के बीच चल रहा पुराना विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया. दोनों ओर से लाठी-डंडे चले और तलवार से हमला किया गया. दोनों पक्षों के छह लोग घायल हैं. इनमें दो गंभीर हैं. दरअसल, महेंद्र शर्मा के पुत्र संजीत शर्मा व उनके पड़ोसी चंचल यादव के परिवारों के बीच महीनों से अनबन चल रही थी. जगन्नाथपुर थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था. शनिवार की रात दोनों परिवारों में मारपीट हुई थी. पुलिस ने पहुंचकर शांत कराया था. सोमवार को एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए.
प्राथमिक उपचार के बाद किया रेफर
आरोप है कि कहासुनी के दौरान चंचल यादव की पत्नी तलवार लेकर पहुंची और हमला कर दिया. हिंसक झड़प में एक पक्ष से संजीत शर्मा, राजकुमार शर्मा, श्रवण शर्मा और चंद्रशेखर शर्मा घायल हुए. इनमें से राजकुमार शर्मा के सिर पर गंभीर चोट लगी है. श्रवण शर्मा के बाएं हाथ पर धारदार हथियार से गंभीर वार किया गया. डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया है. वहीं, दूसरे पक्ष से चंचल यादव और उनके पुत्र अभिषेक यादव को चोटें आयीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी.
दोनों पक्षों ने लगाये गंभीर आरोप
दोनों पक्षों ने थाने में लिखित शिकायत की है. पहले पक्ष से घायल श्रवण शर्मा ने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष उनकी भाभी पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहा था. विरोध करने पर लाठी, डंडे और तलवार से जानलेवा हमला किया गया. जान से मारने की धमकी दी.दूसरे पक्ष के चंचल यादव की पत्नी पूजा देवी ने आरोप लगाया कि विरोधी पक्ष के लोगों ने उनके घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और छेड़छाड़ की और सोने-चांदी के गहने छीन लिए.
पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाये हैं. उनका कहना है कि शनिवार की घटना के बाद यदि पुलिस ने सख्ती बरती होती और समय पर मौके पर पहुंचती, तो यह खूनी संघर्ष टाला जा सकता था. प्रखंड विकास पदाधिकारी अंबिका कुमारी और अंचल अधिकारी मनोज कुमार मिश्रा ने दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को शांत कराया. पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है. आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गयी है.
